गेवरा में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम के साथ मनाया गया रक्षाबंधन, सीआईएसएफ जवानों को बांधा रक्षा सूत्र

कोरबा। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) इकाई एसईसीएल बिलासपुर के गेवरा इकाई लाइन में शुक्रवार को ब्रह्माकुमारीज के प्रतिनिधियों द्वारा नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम एवं रक्षाबंधन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के जवानों और उनके परिवारों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम के दौरान ब्रह्माकुमारीज के प्रतिनिधियों ने नशे के कारण होने वाले शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने नशे से होने वाले नुकसान से बचने के लिए नशे से पूरी तरह दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशामुक्त जीवन जीने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
इसी अवसर पर रक्षाबंधन का पावन पर्व भी हर्षोल्लास और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया गया। ब्रह्माकुमारीज की बहनों ने केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के जवानों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनके स्वस्थ, सुखी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही देश और समाज की सुरक्षा के लिए उनके द्वारा किए जा रहे कर्तव्य एवं सेवा कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम में गेवरा और दीपका क्षेत्र में कार्यरत केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान उपस्थित जवानों ने नशामुक्त समाज के निर्माण और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के समापन पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के अधिकारियों ने ब्रह्माकुमारीज के प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया। अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम बल सदस्यों के मानसिक एवं सामाजिक स्वास्थ्य को मजबूत करने के साथ ही समाज में नशामुक्ति और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।




