गणेश उत्सव की धूम, अंतिम रूप ले रही भव्य मूर्तियां, 14 को घर-घर विराजेंगे गणपति

सारंगढ़- जिले में गणेशोत्सव को लेकर माहौल भक्तिमय होता जा रहा है। शहर से लेकर गांव तक भगवान गणेश की प्रतिमाएं अंतिम रूप लेने लगी हैं। मूर्तिकार दिन-रात मेहनत कर आकर्षक और सुंदर गणेश मूर्तियों को सजाने में जुटे हुए हैं। कहीं रंग-रोगन का काम चल रहा है तो कहीं बारीक कलाकारी के साथ भगवान गणपति को जीवंत स्वरूप दिया जा रहा है।आगामी 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी के अवसर पर जिले के चौक-चौराहों के साथ-साथ घर-घर में गणपति बप्पा विराजेंगे। इसे लेकर समितियों और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। पंडाल सजाने, लाइटिंग और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियां भी जोर-शोर से चल रही हैं। मूर्तिकारों का कहना है कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए मिट्टी की मूर्तियों की मांग बढ़ी है। वहीं नागरिक भी धूमधाम के साथ लेकिन सादगी और श्रद्धा के भाव से गणेश उत्सव मनाने की तैयारी में जुटे हैं। पूरे जिले में गणपति बप्पा मोरया के जयकारों के बीच उत्सव का रंग चढ़ने लगा है।




