Chhattisgarh

खेतों का रास्ता बंद होने से किसानों की बढ़ी मुश्किलें, वर्षों से अतिक्रमण हटाने की मांग; पंचायत ने भी जारी किया नोटिस

जांजगीर-चांपा, अकलतरा। जनपद पंचायत अकलतरा के ग्राम पंचायत कल्याणपुर में गंजीभाठा तालाब के पास खेतों तक जाने वाले सार्वजनिक रास्ते पर कथित अवैध बेजा कब्जे को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। किसानों का आरोप है कि सरकारी भूमि पर किए गए कब्जे के कारण वर्षों पुराने आम रास्ते को बंद कर दिया गया है, जिससे खेतों तक पहुंचना मुश्किल हो गया है और खरीफ सीजन की खेती प्रभावित हो रही है।

ग्रामीणों के अनुसार यही रास्ता खेतों तक पहुंचने के साथ-साथ तालाब तक पशुओं को ले जाने और निस्तारी के लिए भी उपयोग में आता था। रास्ता बंद होने से किसानों, ग्रामीणों और पशुपालकों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई किसानों का कहना है कि समय पर खेत तक नहीं पहुंच पाने से बुआई का कार्य भी प्रभावित हुआ है, जिससे आर्थिक नुकसान की आशंका बढ़ गई है।

मामले को लेकर ग्रामीणों ने कलेक्टर, तहसीलदार, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), थाना प्रभारी सहित विभिन्न प्रशासनिक अधिकारियों को कई बार आवेदन और ज्ञापन सौंपे। शिकायतों में आरोप लगाया गया है कि बार-बार अवगत कराने के बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं निकला है। ग्रामीणों ने प्रशासन से राजस्व अभिलेखों के आधार पर सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाकर सार्वजनिक मार्ग बहाल करने की मांग की है।

इधर ग्राम पंचायत कल्याणपुर ने भी मामले को गंभीर मानते हुए कथित अतिक्रमणकारियों को 24 जून 2026 को नोटिस जारी किया। नोटिस में 4 जुलाई 2026 तक स्वयं अवैध बेजा कब्जा हटाने के निर्देश दिए गए हैं। पंचायत ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय तक कब्जा नहीं हटाने पर पंचायत स्वयं कार्रवाई करेगी और कार्रवाई में होने वाला खर्च संबंधित व्यक्तियों से वसूला जाएगा।

ग्रामीणों का कहना है कि यह केवल एक किसान का नहीं बल्कि पूरे गांव के किसानों और आम नागरिकों के आवागमन का मुद्दा है। उनका कहना है कि यदि शीघ्र अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

Related Articles

Back to top button