Chhattisgarh

क्लाइमेट चेंज प्रोजेक्ट के नेशनल ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स में कोरबा की अंकिता बनीं नेशनल स्टाफ मेंबर

कोरबा,24 सितम्बर 2026। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, राष्‍ट्रीय मुख्यालय द्वारा द्वारा यूथ-लेड एक्शन ऑन क्लाइमेट चेंज प्रोजेक्ट के तहत नॉर्थ ईस्टर्न एवं ईस्टर्न रीजन के लिए नेशनल लेवल ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स का आयोजन 15 से 19 सितंबर 2026 तक मेघालय के शिलांग स्थित भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, मेघालय मुख्यालय, पाइन माउंट रिज में किया गया। इस राष्ट्रीय स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में कोरबा, छत्तीसगढ़ की यूनिट लीडर अंकिता सामल का चयन नेशनल स्टाफ मेंबर एवं फैसिलिटेटर के रूप में किया गया।

पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभागियों को जलवायु परिवर्तन के विभिन्न पहलुओं से परिचित कराने के लिए ग्रुप आधारित गतिविधियां, इंटरैक्टिव सेशन, प्रायोगिक प्रशिक्षण, जागरूकता गतिविधियां और फील्ड विजिट आयोजित किए गए। गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों ने जलवायु परिवर्तन से जुड़ी चुनौतियों को समझने के साथ-साथ प्रकृति के साथ जुड़ाव और पर्यावरण संरक्षण के महत्व को भी अनुभव किया।

कार्यक्रम के दौरान क्लाइमेट अवेयरनेस, टीमवर्क, युवाओं की भागीदारी और जलवायु परिवर्तन के खिलाफ सार्थक कार्रवाई जैसे विषयों पर विशेष रूप से कार्य किया गया। प्रतिभागियों को अपने अनुभव साझा करने, नए विचारों को समझने और युवाओं को जलवायु कार्रवाई के लिए प्रेरित एवं सक्षम बनाने के आवश्यक कौशल विकसित करने का अवसर मिला। छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हुए कोरबा की युवा असिस्टेंड गाइड केप्टिन अंकिता सामल ने नेशनल स्टाफ टीम में फैसिलिटेटर के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाई।

इस भूमिका के तहत उन्होंने प्रशिक्षण सत्रों के संचालन एवं सह-समन्वय में योगदान दिया और अपने अनुभवों को देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रशिक्षकों के साथ साझा किया। राष्ट्रीय स्टाफ टीम का हिस्सा बनने से अंकिता को विभिन्न राज्यों से आए प्रशिक्षकों एवं प्रतिभागियों के साथ सीखने, अनुभवों का आदान-प्रदान करने और यूथ-लेड क्लाइमेट एक्शन के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर का अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिला। कार्यक्रम का समन्वयन सुश्री जयश्री वाघमारे के नेतृत्व में किया गया। नेशनल स्टाफ टीम के सदस्यों ने प्रशिक्षण को सफल बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।

Related Articles

Back to top button