कोरबा में 20 अगस्त को आयुष चिकित्सकों का सम्मेलन, लिवर डिजीज पर होगी विशेष परिचर्चा

कोरबा। आयुष मेडिकल एसोसिएशन कोरबा एवं हिमालया फार्मा जेंड्रा डिवीजन, बेंगलुरु के संयुक्त तत्वावधान में 20 अगस्त 2026, गुरुवार को आयुष चिकित्सकों का विशेष सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन का आयोजन दोपहर 1 बजे होटल श्री गणेश इन में किया जाएगा। इसमें यकृत रोग यानी लिवर डिजीज के कारण, निदान और आयुर्वेदिक उपचार पर विशेषज्ञ परिचर्चा होगी।
सम्मेलन में हिमालया फार्मा बेंगलुरु के साइंटिफिक सर्विस मैनेजर डॉ. अंकित तिवारी यकृत रोग के विभिन्न पहलुओं पर विशेष जानकारी देंगे। वे आयुर्वेद के अनुसार लिवर डिजीज के कारणों, उसकी पहचान, निदान और उपचार पद्धतियों पर चिकित्सकों से चर्चा करेंगे। साथ ही इस विषय पर चिकित्सकों के अनुभव भी साझा किए जाएंगे।
आयुष मेडिकल एसोसिएशन कोरबा के अनुसार सम्मेलन में जिले के सभी बीएएमएस चिकित्सकों और एसोसिएशन के पदाधिकारियों को आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम में हिमालया फार्मा जेंड्रा डिवीजन के रीजनल मैनेजर रमेश प्रसाद गुप्ता और फार्मा सेल्स ऑफिसर कमल धारिया भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
आयुष मेडिकल एसोसिएशन कोरबा के जिलाध्यक्ष डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने जिले के सभी आयुष चिकित्सकों से सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। सम्मेलन का उद्देश्य लिवर डिजीज के आयुर्वेदिक उपचार और चिकित्सकीय अनुभवों को साझा करते हुए चिकित्सकों के बीच विषयगत जानकारी एवं संवाद को बढ़ावा देना है।





