कोरबा में शिक्षकों को दिया गया साइबर सुरक्षा और पॉक्सो एक्ट का प्रशिक्षण, बच्चों की सुरक्षा के लिए किया जागरूक

कोरबा, 27 नवंबर 2026। बच्चों की सुरक्षा और उन्हें साइबर अपराधों से बचाने के उद्देश्य से कोरबा में शिक्षकों के लिए शुक्रवार को विशेष जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA), नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोरबा द्वारा सुरक्षित बचपन अभियान के तहत यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव कु. डिम्पल ने शिक्षकों को बच्चों के अनुकूल विधिक सेवाओं एवं उनके संरक्षण के लिए संचालित चाइल्ड फ्रेंडली लीगल सर्विसेज फॉर चिल्ड्रन स्कीम की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों के अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने, जरूरतमंद एवं पीड़ित बच्चों को विधिक सहायता प्रदान करने तथा बाल हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के संबंध में जागरूक किया।
कार्यक्रम में साइबर सेल कोरबा के TI ललित चन्द्र ने साइबर सुरक्षा एवं साइबर अपराधों से बचाव के विभिन्न पहलुओं पर प्रशिक्षण दिया। उन्होंने ऑनलाइन धोखाधड़ी, बैंकिंग फ्रॉड, मोबाइल बैंकिंग, फिशिंग, यूपीआई, फर्जी एपीके फाइल, डिजिटल अरेस्ट, यौन अपराध और सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी व्यक्तिगत जानकारी, बैंक खाते की जानकारी और ओटीपी साझा नहीं करना चाहिए। अनजान लिंक और एपीके फाइल डाउनलोड करने से भी बचना चाहिए। डिजिटल अरेस्ट जैसी धोखाधड़ी से सतर्क रहने और ऐसी स्थिति में संबंधित विभाग को सूचना देने की सलाह दी गई। साथ ही मोबाइल गुम होने पर CEIR पोर्टल के माध्यम से उसे ब्लॉक कराने तथा सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण में पॉक्सो अधिनियम 2012 के तहत बच्चों को लैंगिक अपराधों से संरक्षण, बाल अधिकारों एवं बाल सुरक्षा से संबंधित कानूनी प्रावधानों की भी जानकारी दी गई। शिक्षकों को बच्चों के अधिकारों एवं संरक्षण के प्रति संवेदनशील रहते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को बाल संरक्षण एवं साइबर अपराधों के प्रति जागरूक और प्रशिक्षित करना था, ताकि वे विद्यालयों में विद्यार्थियों को पॉक्सो अधिनियम, बाल अधिकारों एवं साइबर सुरक्षा से संबंधित आवश्यक जानकारी दे सकें और बच्चों के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
इस अवसर पर शिक्षकों से सुरक्षित बचपन अभियान के संदेश ‘हर बच्चे का बचपन हम सबकी जिम्मेदारी है’ को विद्यालय स्तर तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।




