Chhattisgarh

कोरबा में राज्य स्तरीय योगासन खेल प्रतियोगिता का समापन, प्रदेशभर के खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

0 कोरबा में 7वीं राज्य स्तरीय योगासन खेल प्रतियोगिता संपन्न, महासमुंद, रायपुर, दंतेवाड़ा और जांजगीर-चांपा के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

कोरबा। ऊर्जाधानी कोरबा में 18 से 20 सितंबर तक आयोजित 7वीं राज्य स्तरीय योगासन खेल प्रतियोगिता 2026 का सफल आयोजन हुआ। ‘योगासना भारत’ के तत्वावधान में छत्तीसगढ़ योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन एवं कोरबा योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन की ओर से प्रतियोगिता का आयोजन जूनियर क्लब, सीएसईबी निहारिका, कोरबा में किया गया। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने योगासन की विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी कोरबा से बीके बिंदु, बीके लवली और बीके श्याम राव सहित हितानंद अग्रवाल, नरेंद्र देवांगन, योगेश जैन, देवेंद्र पाण्डेय, नाड़ी वैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा, पंडित गजेश तिवारी, संतोष यादव, नूतन विश्वकर्मा, चंद्रप्रकाश जायसवाल, हेमा जायसवाल, किशन केंवट, अशोक जायसवाल एवं कार्तिक निषाद सहित अनेक अतिथि मौजूद रहे।

अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि योगासन केवल शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, एकाग्रता, संतुलन और स्वस्थ जीवनशैली का महत्वपूर्ण माध्यम भी है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के जरिए प्रदेश के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और प्रतिस्पर्धात्मक मंच प्राप्त करने का अवसर मिलता है।

प्रतियोगिता में अलग-अलग आयु वर्गों में खिलाड़ियों ने प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल किया। एज जूनियर ग्रुप में महासमुंद के भरत साहू ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि रायपुर के राहुल साहू दूसरे और साहिल जंघेल तीसरे स्थान पर रहे। एज सब-जूनियर ग्रुप में महासमुंद के चिन्मय साहू ने प्रथम, रायपुर के फैजल खान ने द्वितीय और राहुल साहू ने तृतीय स्थान हासिल किया।

एज सीनियर-सी ग्रुप में दंतेवाड़ा के दकतर मंदी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। धमतरी के अवध राम साहू दूसरे और दंतेवाड़ा के नीरज सिंह चौहान तीसरे स्थान पर रहे। एज सीनियर-बी ग्रुप में दंतेवाड़ा के गोरखनाथ यादव ने बाजी मारी। कोरबा के सचिन विश्वकर्मा ने दूसरा और महासमुंद के बसंत कुमार ने तीसरा स्थान हासिल किया।

इसी तरह एज सीनियर-ए ग्रुप में जांजगीर-चांपा के मेधाराम साहू प्रथम स्थान पर रहे। राजनांदगांव के भूपेंद्र साहू ने द्वितीय और दुर्ग के सोनू यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता खिलाड़ियों को अतिथियों और आयोजन समिति की ओर से सम्मानित किया गया।

प्रतियोगिता के सफल एवं व्यवस्थित संचालन में छत्तीसगढ़ योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन की तकनीकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। महासचिव मेजर सिंह, सह सचिव (टेक्निकल) शैलेन्द्र विशी, कम्पटीशन डायरेक्टर डीके देवांगन, कम्पटीशन मैनेजर दुर्गेश राठौर, डिप्टी कम्पटीशन मैनेजर इन्द्रनारायण जायसवाल, टेक्निकल ऑफिसियल भीष्म साहू, टीएसआर टीम के गजेंद्र बघेल सहित समस्त टीओएस टीम ने प्रतियोगिता के संचालन में जिम्मेदारी निभाई। निर्णायकों और ऑफिसियल्स ने निर्धारित नियमों के अनुसार खिलाड़ियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया।

आयोजन को सफल बनाने में दुर्गेश राठौर, सचिन विश्वकर्मा, सुनील अग्रवाल, इन्द्रनारायण जायसवाल, श्रीमती दुर्गेश तिवारी, योगेश साहू, विनोद रत्नकार, सनत रायल, विनीता दीक्षित, राहुल खरे, राकेश साहू, संजय कुर्मवंशी और प्रमोद अग्रवाल सहित आयोजन समिति के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

तीन दिवसीय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न जिलों की योगासन प्रतिभाओं को एक साझा मंच मिला। खिलाड़ियों के प्रदर्शन, तकनीकी टीम की सक्रियता और आयोजन समिति के समन्वय से प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हुई। आयोजन ने प्रदेश में योगासन खेल को बढ़ावा देने और नई प्रतिभाओं को प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Related Articles

Back to top button