कोरबा में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए योग एवं ध्यान शिविर आयोजित, व्यक्तित्व विकास पर दिया गया विशेष जोर

कोरबा, 31 मई। ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कन्नौजिया राठौर समाज नवचेतना समिति (इकाई) कोरबा द्वारा एक दिवसीय ध्यान, संस्कार, योग, यज्ञ-हवन एवं व्यक्तित्व विकास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम श्री आनंदम भवन, मैगजीन भाठा, दादर में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में बच्चों और अभिभावकों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में कोरबा योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के योगा कोच एवं योगाचार्य दुर्गेश राठौर, योग शिक्षिका विनीता दीक्षित तथा दुर्गेश तिवारी ने बच्चों को योग, प्राणायाम और ध्यान का प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षकों ने योग के विभिन्न आसनों का अभ्यास कराते हुए उनके स्वास्थ्य संबंधी लाभों की जानकारी भी दी।
शिविर का मुख्य उद्देश्य बच्चों में एकाग्रता, आत्मविश्वास, अनुशासन और सकारात्मक सोच का विकास करना था। आयोजकों ने बताया कि वर्तमान समय में बच्चों पर पढ़ाई और प्रतिस्पर्धा का दबाव बढ़ रहा है, ऐसे में योग और ध्यान उन्हें मानसिक रूप से मजबूत बनाने का प्रभावी माध्यम है।
शिविर के दौरान योगासन, प्राणायाम, ध्यान, तनाव प्रबंधन और स्वस्थ जीवनशैली से जुड़े विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। प्रशिक्षकों ने बताया कि नियमित योग एवं ध्यान के अभ्यास से बच्चों की स्मरण शक्ति बढ़ती है, सीखने की क्षमता में सुधार होता है और अध्ययन के प्रति रुचि विकसित होती है। इसके साथ ही यह परीक्षा के तनाव को कम करने और मानसिक संतुलन बनाए रखने में भी सहायक सिद्ध होता है।
कार्यक्रम में बच्चों को यह भी बताया गया कि योग और ध्यान केवल शारीरिक व्यायाम नहीं हैं, बल्कि यह मानसिक, बौद्धिक और भावनात्मक विकास का भी महत्वपूर्ण आधार हैं। यदि विद्यार्थी प्रतिदिन 20 से 30 मिनट योग और ध्यान के लिए समय निकालें, तो उनके स्वास्थ्य, पढ़ाई और व्यक्तित्व में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
आयोजकों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में नई पीढ़ी को संस्कारवान, स्वस्थ और आत्मविश्वासी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिविर के अंत में यज्ञ-हवन एवं ध्यान सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।




