Chhattisgarh

कटघोरा में सड़क हादसे ने ली व्यापारी की जान, पूजा से लौट रहे हार्डवेयर कारोबारी को पिकअप ने मारी टक्कर

कोरबा। कटघोरा नगर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे का गवाह बना, जहां तेज रफ्तार पिकअप वाहन की चपेट में आने से शहर के एक हार्डवेयर कारोबारी की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक कटघोरा निवासी दीपक गोयल रोज की तरह सुबह पूजा के लिए फूल लेने निकले थे। फूल लेकर वापस घर लौटने के दौरान सुबह करीब 6 बजे शहीद वीर नारायण चौक के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दीपक गोयल सड़क पर दूर जा गिरे, जबकि उनकी बाइक पिकअप वाहन में फंस गई।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के बाद भी चालक ने वाहन नहीं रोका और बाइक को घसीटते हुए काफी दूर तक ले गया। लोगों के चिल्लाने और पीछा करने पर चालक बाइक को छोड़कर वाहन सहित मौके से भाग निकला। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए।

स्थानीय लोगों की सूचना पर डायल 112 और संजीवनी 108 की टीम मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल दीपक गोयल को पहले कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। सिर और शरीर में गंभीर चोट लगने के कारण उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए हैं और दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन को जब्त कर लिया गया है। फरार चालक की पहचान कर ली गई है तथा उसकी तलाश में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। पुलिस ने जल्द आरोपी को गिरफ्तार करने की बात कही है।

घटना के बाद शहर के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों ने लापरवाह वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Related Articles

Back to top button