पीएम सूर्य घर योजना में तेजी, रोजाना 281 घरों में लग रहे सोलर संयंत्र

रायपुर। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत छत्तीसगढ़ में रूफटॉप सोलर संयंत्रों की स्थापना में लगातार तेजी देखने को मिल रही है। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी (सीएसपीडीसीएल) द्वारा उपभोक्ताओं को त्वरित स्वीकृति, नेट मीटरिंग और सब्सिडी उपलब्ध कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। वर्तमान में प्रदेश में प्रतिदिन औसतन 281 घरों में सोलर संयंत्र स्थापित किए जा रहे हैं।
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज़ के उपमहाप्रबंधक (जनसंपर्क) द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, 17 मई 2026 तक प्रदेश के सभी 33 जिलों से कुल 1 लाख 84 हजार 50 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 49 हजार 761 आवेदनों को सब्सिडी भुगतान के लिए अग्रेषित किया जा चुका है, जबकि 42 हजार 684 हितग्राहियों के खातों में केंद्र सरकार द्वारा सब्सिडी राशि जारी कर दी गई है। वर्तमान में केवल 7 हजार 77 आवेदन विभिन्न प्रक्रियाओं में लंबित हैं।
कंपनी के अनुसार अप्रैल 2026 में करीब 8 हजार 431 सोलर पावर प्लांट स्थापित किए गए। अधिकांश लंबित आवेदन 30 दिनों से कम अवधि के हैं और दस्तावेज सत्यापन व तकनीकी स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी होते ही सब्सिडी राशि सीधे उपभोक्ताओं के बैंक खातों में अंतरित की जा रही है।
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत केंद्र सरकार घरेलू उपभोक्ताओं को आकर्षक सब्सिडी प्रदान कर रही है। योजना के अंतर्गत 1 किलोवाट तक के सोलर संयंत्र पर 30 हजार रुपये, 2 किलोवाट तक पर 60 हजार रुपये तथा 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के संयंत्र पर अधिकतम 78 हजार रुपये की केंद्रीय सब्सिडी दी जा रही है।
इसके अलावा छत्तीसगढ़ शासन द्वारा भी उपभोक्ताओं को अतिरिक्त राहत दी जा रही है। राज्य सरकार 1 किलोवाट क्षमता के संयंत्र पर 15 हजार रुपये तथा 2 एवं 3 किलोवाट क्षमता के प्लांट पर 30 हजार रुपये की अतिरिक्त सब्सिडी प्रदान कर रही है।
योजना के माध्यम से उपभोक्ताओं को बिजली बिल में राहत मिलने के साथ ही स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल ऊर्जा का लाभ भी मिल रहा है। कई उपभोक्ताओं के बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है।
पावर कंपनी ने आमजन से प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का अधिकाधिक लाभ लेने की अपील की है। इच्छुक उपभोक्ता ऑनलाइन पोर्टल अथवा निकटतम विद्युत कार्यालय में आवेदन कर योजना का लाभ उठा सकते हैं।




