Chhattisgarh

एनसीएच अस्पताल गेवरा में संडे ड्यूटी को लेकर कर्मचारियों का विरोध, भेदभाव के आरोप

कोरबा, 25 मई 2026।
कोरबा जिले के नेहरू शताब्दी चिकित्सालय (एनसीएच) गेवरा में रविवार को संडे ड्यूटी को लेकर कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए काम बंद कर दिया। कर्मचारियों ने अस्पताल प्रबंधन पर संडे ड्यूटी लगाने में भेदभाव करने का आरोप लगाया, जिससे अस्पताल परिसर में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति निर्मित हो गई।

विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलते ही गेवरा एरिया की कार्मिक प्रबंधक श्रीमती सुधा शिंदे अस्पताल पहुंचीं और कर्मचारियों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं। कर्मचारियों का आरोप है कि कार्यालय अधीक्षक एन.के. द्विवेदी द्वारा संडे ड्यूटी लगाने में पक्षपात किया जा रहा है। उनका कहना है कि कुछ चुनिंदा कर्मचारियों को ही लगातार संडे ड्यूटी का लाभ दिया जा रहा है, जबकि अन्य कर्मचारियों को इससे वंचित रखा जा रहा है।

कर्मचारियों ने बताया कि अस्पताल में संडे ड्यूटी की संख्या भी कम कर दी गई है, जबकि गेवरा, दीपका, कुसमुंडा, बांकीमोंगरा, दुरपा रोड सहित कोरबा जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए यहां पहुंचते हैं। अस्पताल में प्रतिदिन लगभग 300 ओपीडी मरीजों का पंजीयन होता है। ऐसे में पर्याप्त स्टाफ और समान रूप से ड्यूटी वितरण आवश्यक है।

कर्मचारियों ने मांग की कि या तो सभी कर्मचारियों को समान रूप से संडे ड्यूटी दी जाए अथवा यह व्यवस्था पूरी तरह बंद की जाए। साथ ही कार्यालय अधीक्षक एन.के. द्विवेदी के कार्यों की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग भी उठाई गई।

कार्मिक प्रबंधक श्रीमती सुधा शिंदे ने कर्मचारियों को रोस्टर के अनुसार कार्य करने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन कर्तव्यनिष्ठा के साथ करना चाहिए और शिकायत का अवसर नहीं देना चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि अन्य एरिया अस्पतालों में भी संडे ड्यूटी की व्यवस्था सीमित है।

इस दौरान प्रभारी सीएमओ डॉ. अनिल कुमार, कार्यालयीन कर्मचारी एवं पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button