Chhattisgarh

दीपका में 25 वर्षों से कायम है दशहरा उत्सव की परंपरा, रावण दहन के बाद कंचन जोशी की प्रस्तुति ने बांधा समां

कोरबा। बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देने वाला विजयादशमी पर्व दीपका के प्रगति नगर स्थित श्रमवीर मैदान में उत्साह के साथ मनाया गया। भव्य रावण दहन देखने के लिए मैदान में बड़ी संख्या में लोग जुटे। धार्मिक आयोजन के बाद संगीत की महफिल सजी, जहां छत्तीसगढ़ की गायिका कंचन जोशी की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को देर रात तक बांधे रखा। कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र सिंह राजपूत भी उनके गीतों पर थिरकते दिखाई दिए।

नवदुर्गा उत्सव समिति की ओर से आयोजित इस समारोह में क्षेत्रीय महाप्रबंधक शरद कुमार तिवारी, जीएम माइनिंग नागेंद्र कुमार साहू, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संयुक्त महामंत्री रजनीश तिवारी और वरिष्ठ पार्षद एवं पीआईसी सदस्य अरुणीश तिवारी ‘दादा भाई’ अतिथि के रूप में शामिल हुए। अतिथियों ने पर्व को केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित न रखते हुए इसे सामाजिक सद्भाव, संस्कार और आत्मचिंतन से जोड़ने की आवश्यकता बताई।

शरद कुमार तिवारी ने कहा कि विजयादशमी लोगों को आपसी मतभेद भुलाकर भाईचारे के साथ रहने तथा मन की बुराइयों को दूर करने की सीख देती है। नागेंद्र कुमार साहू ने भगवान राम के प्रति आस्था व्यक्त करते हुए उनके आदर्शों का अनुसरण करने का संदेश दिया।

रजनीश तिवारी ने बताया कि प्रगति नगर में दशहरा उत्सव की परंपरा पिछले 25 वर्षों से चली आ रही है। वर्षों से आयोजित हो रहा यह कार्यक्रम क्षेत्र के लोगों को एक साथ आने और अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर प्रदान करता है।

अरुणीश तिवारी ‘दादा भाई’ ने रामचरितमानस का उल्लेख करते हुए कहा कि परिवार और समाज की मजबूती के लिए एकता, सद्बुद्धि और संस्कार आवश्यक हैं। उन्होंने ‘जहां सुमति तहं संपति नाना, जहां कुमति तहं बिपति निदाना’ चौपाई के माध्यम से समझाया कि अहंकार और विवेकहीनता व्यक्ति के पतन का कारण बन सकते हैं। उन्होंने लोगों से भगवान राम के आदर्शों को जीवन में उतारने की अपील की।

समारोह को सफल बनाने में नवदुर्गा उत्सव समिति के अध्यक्ष बनवारी लाल चंद्र, सचिव लोकपाल कश्यप, कोषाध्यक्ष वीरेंद्र राठौड़ और पूर्व अध्यक्ष राजकुमार राठौर सहित समिति के अन्य सदस्यों का योगदान रहा। श्याम खूंटे, गिरजा साहू, मनोज सिंह, अजय राठौर, सतीश राठौर, गुरु प्रसाद गव्हेल, अभिषेक सिंह ठाकुर, बुधवार देवगन, सुशील तिवारी, विनोद यादव, धर्मेंद्र शुक्ला, ज्ञान जायसवाल, कुलदीप सिंह, अमरीश सिंह, राजेश यादव, अविनाश यादव, अब्दुल रहमान, राजीव तिवारी, विनोद कर्स, गोविंद यादव और योगेंद्र तिवारी ने भी आयोजन में सहयोग दिया।

रावण दहन के बाद कंचन जोशी की संगीत प्रस्तुतियों ने समारोह को मनोरंजक रंग दिया। मैदान में मौजूद लोगों ने गीत-संगीत का भरपूर आनंद लिया और उत्सव का समापन उल्लासपूर्ण माहौल में हुआ।

Related Articles

Back to top button