Chhattisgarh

आंधी-बारिश में बिजली बहाल करने वाले कर्मियों को मिला सम्मान, पावर कंपनी ने 12 अधिकारी-कर्मचारियों को किया पुरस्कृत

रायपुर, 18 अगस्त। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनीज में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को राज्य स्तरीय पुरस्कार समारोह में सम्मानित किया गया। पावर कंपनीज के चेयरमेन सुबोध कुमार सिंह ने आंधी-बारिश, बाढ़ और अन्य आपात परिस्थितियों में विद्युत आपूर्ति बहाल करने वाले कर्मियों सहित तकनीकी कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 12 अधिकारी-कर्मचारियों को नगद पुरस्कार, पदक और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।

पावर कंपनीज के मुख्यालय डंगनिया में आयोजित समारोह में बिजली व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, गंभीर तकनीकी समस्याओं का त्वरित समाधान करने, विद्युत उपकेंद्रों में महत्वपूर्ण कार्य निर्धारित समय में पूरा करने तथा कंपनी को संभावित आर्थिक नुकसान और पेनल्टी से बचाने में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कर्मियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रबंध निदेशक जनरेशन एस.के. कटियार, प्रबंध निदेशक ट्रांसमिशन राजेश कुमार शुक्ला और प्रबंध निदेशक डिस्ट्रीब्यूशन भीमसिंह कंवर मौजूद रहे।

समारोह में डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी को ई-ऑफिस के सफल क्रियान्वयन के लिए टीम अवार्ड के रूप में रनिंग ट्रॉफी प्रदान की गई। यह पुरस्कार डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के मुख्य अभियंता मानव संसाधन राजेंद्र प्रसाद को दिया गया। वहीं ट्रांसमिशन कंपनी की मुख्य अभियंता मानव संसाधन रश्मि वर्मा ने सम्मानित अधिकारी-कर्मचारियों के उत्कृष्ट कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया।

राज्य कार्यालय स्तर पर जनरेशन कंपनी के मड़वा के अधीक्षण अभियंता चिंतामणि तिवारी को राखड़ निष्पादन का निर्धारित लक्ष्य 13 प्रतिशत अधिक पूरा करने के लिए सम्मानित किया गया। कोरबा पश्चिम के सहायक अभियंता अंकित कुमार जैन को पावर प्लांट की टरबाइन में बेयरिंग स्पीड शून्य होने जैसी गंभीर तकनीकी समस्या का महज दो घंटे के भीतर समाधान करने के लिए पदक प्रदान किया गया।

ट्रांसमिशन कंपनी के भिलाई में परिचारक श्रेणी-दो लाइन के उनकेश्वर प्रसाद साहू को भीषण आंधी-तूफान के दौरान 220 केवी खेदामारा-ठेलकाडीह सर्किट के टावरों में फेल सस्पेंशन हार्डवेयर और कंडक्टर की मरम्मत का कार्य करने के लिए सम्मानित किया गया। भिलाई के वरिष्ठ पर्यवेक्षक गणेश राम गजेन्द्र को 220/132/33 केवी उपकेंद्रों में ट्रांसफार्मर, फीडर कंट्रोल और रिले पैनलों के परीक्षण एवं स्थापना कार्य निर्धारित समय में पूरा करने के लिए पुरस्कार मिला।

डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के रायपुर के कनिष्ठ अभियंता अनिल कुमार वर्मा को राजस्व वसूली और विद्युत विच्छेदन कार्यों के प्रभावी प्रबंधन के लिए सम्मानित किया गया। वहीं जगदलपुर के लाइन सहायक श्रेणी-दो देवेन्द्र भण्डारी को बाढ़, आगजनी और अन्य आपात परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई करते हुए विद्युत आपूर्ति बहाल करने के लिए पुरस्कार प्रदान किया गया।

केंद्रीय कार्यालय स्तर पर भी छह कर्मियों को उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। इनमें जनरेशन कंपनी की स्टाफ ऑफिसर वंदना शिलारे, सहायक अभियंता ज्योति माला साहू, ट्रांसमिशन कंपनी के अधीक्षण अभियंता करूणेश कुमार यादव, कार्यालय सहायक श्रेणी-एक टी. अनिता, डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के अधीक्षण अभियंता एन. बिम्बिसार और प्रबंधक वित्त एवं लेखा नवीन खंडेलवाल शामिल रहे।

इसके अलावा गोपनीय चरित्रावली के ऑनलाइन क्रियान्वयन में योगदान देने वाले डीजीएम पंकज सिंह परमार, मल्लिका बेक, अधीक्षण अभियंता पंकज चौधरी, कार्यपालन अभियंता प्राची अग्रवाल सिन्हा, कार्यपालन अभियंता कृतिमा पांडेय मिश्रा, सहायक प्रबंधक मीनल पांडेय, सहायक अभियंता ओमकार चंद्राकर और सहायक अभियंता रजनीश चौबे को प्रबंध निदेशकों ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

समारोह का संचालन उपमहाप्रबंधक जनसंपर्क गोविंद पटेल ने किया। पावर कंपनी के इस सम्मान समारोह में आपात परिस्थितियों के दौरान विद्युत आपूर्ति बहाली, तकनीकी दक्षता, राजस्व प्रबंधन और डिजिटल कार्यप्रणाली में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कर्मचारियों के कार्यों को प्रोत्साहित किया गया।

Related Articles

Back to top button