अस्मिता नेशनल कायाकिंग एंड कैनोइंग प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ ने जीते छह पदक

रायपुर। भोपाल के लोअर लेक में 8 से 10 अगस्त तक आयोजित अस्मिता नेशनल कायाकिंग एंड कैनोइंग प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल छह पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता में प्रदेश की खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर राज्य का गौरव बढ़ाया।
प्रतियोगिता में K1 200 मीटर स्पर्धा में स्वाति साहू ने कांस्य पदक हासिल किया। बलौदाबाजार जिले के ग्राम मोपर की रहने वाली स्वाति साहू ने बताया कि उन्होंने करीब 12 वर्ष की उम्र से कायाकिंग की शुरुआत की थी। उनके पिता डॉक्टर दौलत राम साहू और माता ललिता साहू ने उन्हें बचपन से ही खेल के लिए प्रोत्साहित किया। रायपुर में अपने मामा के यहां रहकर पढ़ाई पूरी करने के दौरान उन्होंने खेल की शुरुआत की। स्वाति ने जूनियर, सब-जूनियर और सीनियर वर्ग की विभिन्न प्रतियोगिताओं में कई पदक जीते हैं। पिछले वर्ष उन्होंने नेशनल प्रतियोगिता में दो स्वर्ण पदक भी हासिल किए थे।
स्वाति वर्ष 2018 में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने के लिए चयनित हुई थीं। वर्ष 2026 में छत्तीसगढ़ सरकार ने उन्हें उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित किया है। वर्तमान में वह उत्तराखंड में आईटीबीपी में कार्यरत हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के सहयोग और लगातार प्रोत्साहन को दिया।
वहीं रायपुर के दोनंदे कला निवासी कौशल नंदिनी ने K1 1000 मीटर और K1 500 मीटर स्पर्धा में दो रजत पदक हासिल किए। कौशल नंदिनी ने वर्ष 2010 में कायाकिंग-कैनोइंग की शुरुआत की थी और तब से लगातार राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतती आ रही हैं। वह नेशनल गेम्स में भी रजत पदक हासिल कर चुकी हैं। इसके अलावा वह थाईलैंड के बैंकॉक-पटाया और हंगरी के बुडापेस्ट में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।
कौशल नंदिनी ने बताया कि खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए उन्हें परिवार का पूरा सहयोग मिला। उनके चाचा और बड़ी बहन से उन्हें खेल की प्रेरणा मिली। वर्ष 2013 में उनके कोच नवीन साहू के विदेश चले जाने के बाद उन्होंने अपने सीनियर खिलाड़ियों से प्रशिक्षण लेकर अभ्यास जारी रखा।
छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों के इस शानदार प्रदर्शन पर कायाकिंग एंड कैनोइंग संघ के अध्यक्ष बलदेव सिंह भाटिया, सचिव अभिजीत मिश्रा, संयुक्त सचिव प्रशांत सिंह रघुवंशी, कोच पिंकी साहू, अशोक साहू सहित संघ के अन्य पदाधिकारियों ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।




