AstrologyUttar Pradesh

अयोध्या में इस बार 27 लाख दीयों से जगमगाएगा सरयू तट, 35 हजार वॉलंटियर्स संभालेंगे जिम्मेदारी

अयोध्या. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट दीपोत्सव का 10वां संस्करण इस बार और भव्य होने जा रहा है. 5 से 8 नवंबर तक सरयू तट पर आयोजित होने वाले दीपोत्सव में 27 लाख दीये जलाने की तैयारी है. आयोजन की व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन और अवध यूनिवर्सिटी ने तैयारियां शुरू कर दी हैं. पिछले साल 26 लाख से अधिक दीये जलाए गए थे.अवध यूनिवर्सिटी के वीसी डॉ. बिजेंद्र सिंह के मुताबिक, दीपोत्सव में करीब 35 हजार वॉलंटियर्स लगाए जाएंगे. इनके रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया अगले सप्ताह से शुरू होगी. यूनिवर्सिटी पिछले नौ वर्षों से दीप प्रज्ज्वलन की जिम्मेदारी संभालती आ रही है. इस बार स्वयंसेवकों का चयन उनकी प्रतिभा और धार्मिक प्रतिबद्धता के आधार पर किया जाएगा.

दीपोत्सव के लिए स्वयंसेवकों का ऑनलाइन डेटाबेस तैयार किया जाएगा. प्रत्येक वॉलंटियर को हाईटेक आईडी दी जाएगी. घाटों को अलग-अलग सेक्टरों में बांटकर कॉलेजों और स्कूलों के प्रतिनिधियों को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी. छोटे बच्चों को स्वयंसेवक नहीं बनाया जाएगा. पिछले साल करीब पांच हजार छात्राओं ने भी वॉलंटियर के तौर पर हिस्सा लिया था.

आयोजन के दौरान घाटों पर पेयजल, डस्टबिन और नियमित सफाई की व्यवस्था की जाएगी. स्वयंसेवकों के आवागमन के लिए वाहनों की व्यवस्था भी होगी. प्रशासन ने पिछले साल आई समस्याओं की सूची तैयार कर उनके समाधान पर भी चर्चा शुरू कर दी है. कमिश्नर और डीएम ने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की है.

लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग भी तैयारी में जुट गया है. 5 से 8 नवंबर तक 14 अस्थाई स्वास्थ्य शिविर संचालित किए जाएंगे. इनमें 45 डॉक्टर, 45 फार्मासिस्ट और 45 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी तैनात रहेंगे. मेडिकल कॉलेज में 20, जिला अस्पताल में 20 और श्रीराम चिकित्सालय में 10 बेड आरक्षित किए गए हैं. आपात स्थिति के लिए 10 स्थानों पर एंबुलेंस भी 24 घंटे तैनात रहेंगी.

Related Articles

Back to top button