अटल जयंती पर मंडल अंतर्गत गांवों में श्रद्धा व सम्मान के साथ कार्यक्रम आयोजित

कोरबा।
छत्तीसगढ़ के निर्माता, देश के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेई की जयंती के अवसर पर कोरबा जिले के मंडल अंतर्गत ग्राम रलिया, छीनपुर, केसला, भिलाई बाजार एवं बिरदा में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ जयंती कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मंडल अध्यक्ष दिनेश राठौर की अगुवाई में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष दिनेश राठौर ने श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेई के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। अपने संबोधन में उन्होंने अटल जी के राजनीतिक जीवन, उनकी उपलब्धियों एवं राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेई ने राजनीति को सेवा, सुशासन और राष्ट्रहित से जोड़ा। उनके नेतृत्व में देश ने सड़क, संचार, शिक्षा, विज्ञान एवं रक्षा जैसे क्षेत्रों में ऐतिहासिक प्रगति की।
मंडल अध्यक्ष ने कहा कि अटल जी का जीवन भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने पार्टी की वैचारिक मजबूती, संगठनात्मक विस्तार और विकासोन्मुखी राजनीति पर भी प्रकाश डाला। कार्यक्रम में वक्ताओं ने अटल जी की सरलता, ओजस्वी वक्तृत्व कला, कवि हृदय और सर्वसमावेशी नेतृत्व की सराहना की।
इस अवसर पर मंडल महामंत्री हेमंत तिवारी, प्रताप कंवर, मंडल उपाध्यक्ष हुलेश राठौर, रथलाल पाटले, मणिशंकर पाटले, मनहरण यादव, दशरथ राठौर, विजय राठौर, उसमेर राठौर, दीपक पाटले सहित अनेक वरिष्ठ एवं सक्रिय कार्यकर्ता उपस्थित रहे। साथ ही ग्राम केसला के सरपंच श्री बुधवार सिंह भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान श्रेष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया, जिससे कार्यकर्ताओं में उत्साह एवं ऊर्जा का संचार हुआ। ग्रामवासियों ने भी बड़ी संख्या में कार्यक्रम में सहभागिता कर अटल जी के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
अंत में सभी उपस्थितजनों ने अटल बिहारी वाजपेई के बताए मार्ग पर चलने, राष्ट्रसेवा एवं जनकल्याण के लिए सतत कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ।




