Chhattisgarh

नृत्य गुंजन अवार्ड से सम्मानित हुई नन्ही कथक नृत्यांगना इशिता कश्यप

रायगढ़। विगत दिनों रायगढ़ के नगर निगम ऑडिटोरियम में आयोजित मधु गुंजन नृत्य एवं संगीत समारोह में नन्ही कथक नृत्यांगना इशिता कश्यप को नृत्य गुंजन अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह भव्य आयोजन वैष्णव संगीत महाविद्यालय के तत्वावधान में 21 दिसंबर से 24 दिसंबर 2025 तक आयोजित किया जा रहा है।

समारोह के पहले ही दिन 21 दिसंबर को इशिता कश्यप को कथक नृत्य की विशेष प्रस्तुति के लिए आमंत्रित किया गया था। अपनी मनमोहक और सशक्त प्रस्तुति से इशिता ने दर्शकों से भरपूर तालियां बटोरीं। कम उम्र में लय और ताल पर उनकी मजबूत पकड़ उनकी कड़ी मेहनत, लगन और निरंतर अभ्यास को दर्शाती है।

इशिता के कथक नृत्य की खास बात विभिन्न लयों में 150 से अधिक चक्कर लेना रहा, जिसने दर्शकों को आश्चर्यचकित कर दिया। वह अपने गुरु के कुशल मार्गदर्शन में अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुकी हैं और कई प्रतियोगिताओं में प्रथम पुरस्कार भी प्राप्त कर चुकी हैं।

इस उपलब्धि पर इशिता के गुरुजन एवं माता-पिता ने गर्व व्यक्त किया है। आगामी कार्यक्रमों की बात करें तो इशिता 26 दिसंबर को अयोध्या के श्रीराम मंदिर में कथक नृत्य की प्रस्तुति देंगी, वहीं 28 दिसंबर को बनारस में आयोजित काशी विश्वनाथ महोत्सव में विशेष प्रस्तुति के लिए आमंत्रित हैं।

उम्मीद की जा रही है कि इशिता अपने नृत्य के माध्यम से उत्तर प्रदेश में भी छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगी। इशिता की इस सफलता पर उनके रिश्तेदारों, गुरुजनों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य और आगामी प्रस्तुतियों के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।

Related Articles

Back to top button