Chhattisgarh

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर एसईसीएल योग महोत्सव 2026 का भव्य आयोजन

योग स्वस्थ, संतुलित एवं सक्रिय जीवन का आधार है : हरीश दुहन

बिलासपुर, 21 जून 2026। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) द्वारा “एसईसीएल योग महोत्सव 2026” के अंतर्गत वसंत क्लब, वसंत विहार कॉलोनी, बिलासपुर में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” (Yoga for Healthy Ageing) के अनुरूप आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम में एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन, एसईसीएल परिवार की प्रथम महिला एवं श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती शशि दुहन, निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, निदेशक (वित्त) दारला सुनील कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन, निदेशक (तकनीकी-योजना/परियोजना) रमेश चन्द्र महापात्र, श्रद्धा महिला मंडल की उपाध्यक्षा श्रीमती इप्सिता दास एवं श्रीमती हसीना कुमार सहित विभागाध्यक्ष, अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिवारजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन एवं योग प्रशिक्षण ब्रह्मकुमारी गायत्री देवी द्वारा प्रदान किया गया। उनके मार्गदर्शन में विभिन्न योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया। इस अवसर पर कोलकाता में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के राष्ट्रीय समारोह का सीधा प्रसारण भी प्रदर्शित किया गया।

आयुष मंत्रालय द्वारा निर्धारित कॉमन योगा प्रोटोकॉल के अनुसार आयोजित योगाभ्यास के दौरान योग के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक लाभों पर प्रकाश डाला गया।

इस अवसर पर अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने कहा कि, “योग स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक जीवनशैली का आधार है। नियमित योगाभ्यास हमें शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाता है तथा बेहतर जीवन गुणवत्ता की ओर अग्रसर करता है।” उन्होंने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने नियमित योगाभ्यास अपनाने तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। साथ ही समाज को नशामुक्त बनाने एवं स्वयं को नशे से दूर रखने के उद्देश्य से नशा मुक्ति की शपथ भी ग्रहण की गई।

उल्लेखनीय है कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एसईसीएल के मुख्यालय सहित सभी क्षेत्रों एवं इकाइयों में भी योग संबंधी विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिनमें बड़ी संख्या में कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों ने सहभागिता की।

Related Articles

Back to top button