हैंडल बनाने वाली फैक्ट्री में लगी भीषण आग, तीन दमकल गाड़ियों ने पाया काबू

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में गुरुवार सुबह हैंडल बनाने वाली एक फैक्ट्री में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग फैक्ट्री के ऊपरी तल पर बने एक कमरे में लगी और देखते ही देखते छत पर लगे एसी सहित अन्य उपकरणों तक फैल गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की तीन दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
अग्निशमन विभाग के अनुसार, 12 नवंबर 2026 को सुबह 7:57 बजे फायर स्टेशन कोतवाली, गाजियाबाद को हार्डवेयर जोन में सीपी सेंचुरी के पास स्थित हैंडल बनाने वाली फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली थी। फैक्ट्री ए-4/3/22, साउथ साइड ऑफ जीटी रोड, इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित है।
सूचना मिलते ही अग्निशमन अधिकारी कोतवाली के नेतृत्व में तीन फायर टेंडर घटनास्थल के लिए रवाना किए गए। मौके पर पहुंची टीम ने पाया कि फैक्ट्री के ऊपरी तल पर बने एक कमरे में आग लगी हुई थी। आग की लपटें छत पर लगे एयर कंडीशनर और अन्य उपकरणों तक पहुंच चुकी थीं।
दमकलकर्मियों ने चार होज पाइप की मदद से तत्काल आग बुझाने का अभियान शुरू किया। टीम की तत्परता और आपसी समन्वय से कुछ ही समय में आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया। साथ ही आग को आसपास की अन्य औद्योगिक इकाइयों तक फैलने से भी रोक लिया गया।
घटनास्थल पर स्थानीय पुलिस और फैक्ट्री के कर्मचारी भी मौजूद रहे। अग्निशमन विभाग की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया। इस घटना में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है।





