सेवा संकल्प अभियान में स्वच्छता का संदेश, स्वच्छता दीदियों का सम्मान

जांजगीर-चांपा, 30 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में स्वच्छता और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। अभियान के अंतर्गत नगर पंचायत सारागांव स्थित एफसीआई गोदाम परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। जनप्रतिनिधियों और अधिकारी-कर्मचारियों ने श्रमदान कर परिसर की साफ-सफाई की तथा लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
स्वच्छता अभियान के दौरान नागरिकों को सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने, कचरा इधर-उधर नहीं फेंकने और निर्धारित स्थान पर ही कचरा डालने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और सामूहिक सहभागिता से स्वच्छ वातावरण तैयार करने का संदेश दिया।
इसी क्रम में नगर पंचायत खरौद में स्वच्छता, सफाई, सुरक्षा एवं सम्मान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में नगर की स्वच्छता व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली स्वच्छता दीदियों को उनके योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता दीदियों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक मार्गदर्शन देते हुए नियमित स्वास्थ्य देखभाल के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर स्वच्छ और सुंदर नगर के निर्माण में स्वच्छता कर्मियों के योगदान को महत्वपूर्ण बताया गया तथा उन्हें बेहतर कार्य के लिए प्रोत्साहित किया गया।
सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जिले में स्वच्छता, जनभागीदारी और सामाजिक जिम्मेदारी को बढ़ावा देने के साथ स्वच्छता कर्मियों के योगदान को सम्मान देने की पहल की जा रही है।




