सुशासन तिहार 2026: सिलयारी में विधायक अनुज शर्मा ने बांटी ‘खुशियों की चाबी’, केसीसी और आयुष्मान कार्ड

रायपुर। ग्राम कुरूद (सिलयारी) में आयोजित सुशासन तिहार 2026 के तहत समाधान शिविर में विधायक अनुज शर्मा ने जनता से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को तत्काल निराकरण के निर्देश दिए। शिविर में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को किसान क्रेडिट कार्ड, आयुष्मान कार्ड, गैस सिलेंडर, ड्राइविंग लाइसेंस, कृषि बीज, आयुर्वेदिक दवाइयां और आवास योजना के तहत “खुशियों की चाबी” वितरित की गई।
कार्यक्रम मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में आयोजित सुशासन तिहार-2026 अभियान के तहत हुआ। राज्य सरकार द्वारा 1 मई से 10 जून तक प्रदेशभर में समाधान शिविर लगाए जा रहे हैं, जहां आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है।
विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार सुशासन, सेवा और विकास के संकल्प के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम बन रहा है, जिससे योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
शिविर में विभिन्न विभागों और स्व-सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का भी अवलोकन किया गया। इस दौरान लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र और योजनाओं से जुड़ी सामग्री वितरित की गई। महिलाओं को पोषण आहार भी प्रदान किया गया।
समाधान शिविर में कुल 1109 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 129 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। इसके अलावा 30 आरटीओ दस्तावेज, 32 आधार कार्ड, 10 श्रम कार्ड, 10 राशन कार्ड और 10 पेंशन स्वीकृतियां जारी की गईं। लगभग 150 हितग्राहियों को सामग्री और प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम में जिला पंचायत रायपुर अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, उपाध्यक्ष संदीप यदु, सभापति सविता चंद्राकर, सरोज चंद्रवंशी, जनपद पंचायत अध्यक्ष शकुंतला ढीलेंद्र सेन, जिला पंचायत रायपुर के सीईओ कुमार विश्वरंजन, एसडीएम नंद कुमार चौबे, जनपद सीईओ आशीष केशरवानी, तहसीलदार बाबूलाल कुर्रे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।




