Chhattisgarh

सीएम साय का बड़ा ऐलान: माघ पूर्णिमा पर छत्तीसगढ़ में रहेगी सरकारी छुट्टी, संत रविदास के नाम से मिलेगा राज्य अलंकरण पुरस्कार

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित प्रदेश स्तरीय कलश वंदन अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि अब माघ पूर्णिमा के अवसर पर प्रदेश में शासकीय अवकाश रहेगा।

मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि माघ पूर्णिमा के दिन मदिरा दुकानों का संचालन बंद रहेगा। इसके साथ ही राज्य सरकार द्वारा दिए जाने वाले राज्य अलंकरण पुरस्कारों में एक पुरस्कार संत रविदास के नाम पर प्रदान किया जाएगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि संत रविदास के विचार और उनके सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने घोषणा की कि नवा रायपुर में एक प्रमुख चौक का नाम संत रविदास के नाम पर रखा जाएगा।

मुख्यमंत्री ने विधानसभा अध्यक्ष से आग्रह करने की बात भी कही कि संत रविदास के संदेशों को विधानसभा परिसर में अंकित किया जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके विचारों से प्रेरणा ले सकें।

उन्होंने बताया कि संत रविदास की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम अगले वर्ष फरवरी 2027 तक जारी रहेंगे। इस दौरान प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संत रविदास ने समाज में समानता, भाईचारे और मानव कल्याण का संदेश दिया था। राज्य सरकार उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने और समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।

Related Articles

Back to top button