संजय दत्त ने देश के हालात पर चिंता जताते हुए कहा कि अब भारत में पहले जैसी शांति महसूस नहीं होती। फिर मुन्ना भाई बनकर पीएम और ट्रंप पर तंज कसा

Sanjay Dutt: संजय दत्त ने गांधी जयंती के खास मौके पर शेखर सुमन के शो ‘शेखर टुनाइट’ में देश के हालात पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि भारत के लोग बहुत अच्छे और बड़े दिल वाले हैं, लेकिन अब उन्हें देश में पहले जैसी शांति महसूस नहीं होती। इसके बाद उन्होंने अपने मशहूर किरदार मुन्ना भाई के अंदाज में प्रधानमंत्री बनने की कल्पना की और कई मुद्दों पर मजाकिया अंदाज में बात की।
संजय दत्त ने कहा कि भारत के लोग मेहमानों का दिल खोलकर स्वागत करते हैं और उन्होंने दुनिया को बहुत कुछ दिया है। लेकिन उन्हें लगता है कि देश में अब पहले जैसा सुकून नहीं है। उन्होंने कहा कि वह भगवान शिव से प्रार्थना करते हैं कि देश में फिर से वही दिन लौटें, जब लोगों के बीच शांति और भाईचारा महसूस होता था।
शो के आखिरी हिस्से में संजय दत्त से कहा गया कि वह पांच मिनट के लिए भारत के प्रधानमंत्री बनकर जनता को संबोधित करें। इसके बाद उन्होंने तुरंत ‘मुन्ना भाई’ के अंदाज में बोलना शुरू कर दिया। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि इतने बड़े देश और इतने सारे लोगों की जिम्मेदारी उनके ऊपर आ गई है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री बनने की खुशी में वह विदेश नहीं जाएंगे, बल्कि लोगों के बीच ही रहेंगे।
संजय दत्त ने अपने भाषण में महात्मा गांधी के तीन बंदरों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इनका संदेश है- बुरा मत देखो, बुरा मत सुनो और बुरा मत कहो। लेकिन संजय ने कहा कि आज एक चौथे बंदर की जरूरत है। अगर कोई गलत चीज देखता है तो उसे ठीक करने की कोशिश भी होनी चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि अगर हर कोई आंख, कान और मुंह बंद करके बैठ जाएगा तो देश कैसे चलेगा?
नेताओं की तस्वीरों पर भी तंज संजय दत्त ने सरकारी और सार्वजनिक जगहों पर नेताओं की तस्वीरों को लेकर भी मजाक किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री बनने के बाद वह ऐसी जगहों पर लगी प्रधानमंत्री की तस्वीरों की संख्या कम करेंगे। उनका कहना था कि लोगों को देश की तस्वीर दिखनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि जहां अपनी तस्वीर लगाने का मन हो, वहां महात्मा गांधी की तस्वीर लगानी चाहिए, क्योंकि गांधी जी के विचार ज्यादा जरूरी हैं।
संजय दत्त ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का जिक्र करते हुए उन्हें मजाक में ‘ट्रंप मामू’ कहा। उन्होंने कहा कि अगर देश को आगे बढ़ाना है तो दुनिया के साथ भी जुड़कर रहना होगा। उन्होंने ट्रंप को ‘गांधीगिरी’ अपनाने की सलाह देते हुए कहा कि शांति प्यार से आती है। उनके मुताबिक, दुनिया में पहले से ही बहुत मिसाइलें हैं, अब प्यार फैलाने की जरूरत है।
संजय दत्त ने मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर किसी को धमकी देने या मिसाइल भेजने का मन करे तो पहले गुलदस्ता भेजना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी से लड़ने के बजाय उसे फोन करके घर बुलाएं और चाय पीते हुए बातचीत से समस्या सुलझाएं। संजय का यह पूरा अंदाज उनकी फिल्म ‘लगे रहो मुन्ना भाई’ की याद दिलाता है, जिसमें मुन्ना भाई गांधी जी के विचारों को अपनाकर परेशानियों का हल ‘गांधीगिरी’ से निकालता है।




