Chhattisgarh

धमतरी में चाकूबाजी के तीन आरोपी गिरफ्तार, युवकों पर चाकू से जानलेवा हमला; धारदार हथियार और डंडा जब्त

धमतरी, 04 अक्टूबर। धमतरी की रतन कॉलोनी में युवकों पर चाकू से हमला करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से घटना में प्रयुक्त करीब 12.7 इंच लंबा धारदार लोहे का चाकू और लकड़ी का बत्ता बरामद किया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 2 और 3 अक्टूबर की दरमियानी रात रतन कॉलोनी में विवाद के दौरान चाकूबाजी की घटना हुई। इस दौरान दानिटोला स्कूल चौक, महिमासागर वार्ड निवासी 25 वर्षीय चंदेश्वर ध्रुव पिता दशरथ सिंह गुरु बीच-बचाव करने पहुंचे। आरोप है कि विवाद में आरोपियों ने उसके साथी पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में दोनों युवकों को चोटें आईं।

घटना की सूचना और शिकायत मिलने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रतन कॉलोनी निवासी साहिल मसीह, नितांत मसीह उर्फ प्रिंस मसीह और सौरभ मसीह उर्फ रिकू मसीह को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ और आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल 12.7 इंच लंबे धारदार लोहे के चाकू और लकड़ी के बत्ते को जब्त किया। मामले में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 118(1), 351(2), 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई की गई है।

गिरफ्तार आरोपियों में साहिल मसीह पिता स्वर्गीय ईस्माईल मसीह उम्र 26 वर्ष, नितांत मसीह उर्फ प्रिंस मसीह पिता स्वर्गीय ईब्राहिम मसीह उम्र 26 वर्ष और सौरभ मसीह उर्फ रिकू मसीह पिता स्वर्गीय ईस्माईल मसीह उम्र 19 वर्ष शामिल हैं। तीनों आरोपी रतन कॉलोनी, महिमासागर वार्ड, धमतरी के निवासी बताए गए हैं।

धमतरी पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर असामाजिक तत्वों और चाकूबाजी करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button