Chhattisgarh

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मोहदी में गुरु पूर्णिमा पर विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव एवं प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित

  • विधायक अनुज शर्मा समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में हुए शामिल
  • उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों और शिक्षकों का किया गया सम्मान
  • विधायक नें शाला परिसर में सांस्कृतिक मंच में शेड निर्माण का घोषणा किया*

    धरसींवा/ शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मोहदी (धरसींवा) में गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम में धरसींवा विधायक अनुज शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए।
    कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। तत्पश्चात विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर मुख्य अतिथि एवं उपस्थित अतिथियों का गर्मजोशी से अभिनंदन किया।

शिक्षकों का सम्मान एवं नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत
गुरुपूर्णिमा के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में विधायक अनुज शर्मा ने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले सम्मानित शिक्षकों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। इसके साथ ही नए शैक्षणिक सत्र में प्रवेश लेने वाले छोटे-छोटे बच्चों को तिलक लगाकर, पुस्तकें एवं गणवेश वितरित कर शाला प्रवेश कराया गया। शैक्षणिक एवं अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों को भी स्मृति चिन्ह व प्रशस्ति पत्र देकर उनका हौसला बढ़ाया गया।

गुरु-शिष्य परंपरा समाज की नींव: अनुज शर्मा
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक श्री अनुज शर्मा ने गुरुपूर्णिमा पर्व की शुभकामनाएं दीं और कहा कि गुरु गोविंद दोऊ खड़े, काके लागू पाय, बलिहारी गुरु आपने गोविंद दियो बताय।

गुरु का स्थान हमारे जीवन में सर्वोच्च है। गुरु ही मार्गदर्शक बनकर समाज और राष्ट्र के निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं।एक बच्चे के जीवन में माता-पिता उसे जन्म देते हैं, लेकिन उसे सही मायने में इंसान बनाने, उसके भीतर के अंधकार को मिटाकर ज्ञान का प्रकाश फैलाने का काम हमारे शिक्षक करते हैं।हमारे शिक्षक केवल पढ़ाते नहीं हैं, वे भावी भारत का निर्माण करते हैं। शिक्षा ही किसी भी समाज और देश की प्रगति का आधार है। नया शैक्षणिक सत्र सिर्फ किताबों के नए पन्नों को पलटने का नाम नहीं है, यह आपकी उम्मीदों, सपनों और नई सफलताओं की नींव रखने का उत्सव है। आज यहाँ जिन बच्चों को साइकिल दी गई है, वह सिर्फ लोहे और पहियों की गाड़ी नहीं है—यह आपके सपनों की रफ्तार है! अब दूर-दराज से आने वाले हमारे बच्चों को स्कूल पहुँचने के लिए सोचना नहीं पड़ेगा। यह साइकिल आपको आपकी मंज़िल तक और तेज़ी से पहुँचाएगी।

उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा, “प्रदेश सरकार हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। विद्यार्थी जीवन में अनुशासन और निरंतर अभ्यास को ही अपना ध्येय बनाएं। ज्ञान की इस बगिया में नए कदम रखने वाले हमारे प्यारे नौनिहालों को मेरी ओर से ढेर सारा प्यार, आशीर्वाद और हार्दिक बधाई! आज हमने इस प्रांगण में जो पौधे रोपे हैं, उन्हें सिर्फ मिट्टी में गाड़कर छोड़ना नहीं है। जैसे एक पौधे को पेड़ बनने के लिए खाद, पानी और देखभाल की ज़रूरत होती है, वैसे ही आपको भी बड़ा इंसान बनने के लिए ज्ञान, संस्कार और अनुशासन की ज़रूरत है। आप इस स्कूल के पौधे हैं, और हम सब मिलकर आपको समाज का एक मजबूत वटवृक्ष बनते देखना चाहते हैं।

कार्यक्रम में विधायक अनुज शर्मा, अध्यक्ष जिला पंचायत रायपुर नवीन अग्रवाल , उपाध्यक्ष जिला पंचायत रायपुर संदीप यदु, अध्यक्ष जनपद पंचायत धरसींवा शकुंतला दिलेन्द्र सेन, उपाध्यक्ष दिनेश खुटे जी , सरोज चंद्रवंशी, सविता चंद्राकर, दयाशंकर निषाद, पूजा अश्वनी वर्मा, रुखमणी संतोष वर्मा, प्रीति भरत सोनी, लक्ष्मी खिलेन्द्र वर्मा, बबीता गणेशन मूर्ति, शिखा तामेश निर्मलकर, हेमलता चन्द्रभान गावड़ा, रुपेन्द्र साहू, प्रमोद निषाद,कल्याणी लक्ष्मीनारायण बघेल, रुखमणी शिवारे, अनुपमा वर्मा,गिरधर साहू, सरपंच सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के विकासखंड स्तरीय अधिकारी, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, नवप्रवेशी बच्चे, मेधावी छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण व अभिभावक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button