कोरबा डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन ने जारी की खिलाड़ी पंजीयन की तिथियां1 से 15 अगस्त तक होंगे पंजीयन, सभी वर्गों के खिलाड़ियों के लिए अनिवार्य; ट्रायल की जानकारी बाद में होगी जारी

कोरबा। छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ के निर्देशानुसार नए खेल सत्र 2026-27 के लिए खिलाड़ियों का पंजीयन पुनः किया जा रहा है। इसी क्रम में कोरबा डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (केडीसीए) ने जिले के सभी पुरुष एवं महिला खिलाड़ियों के पंजीयन की तिथियों की घोषणा कर दी है।
केडीसीए के अनुसार सत्र 2026-27 के लिए अंडर-14, अंडर-16, अंडर-19, अंडर-23 एवं सीनियर वर्ग के खिलाड़ियों का पंजीयन 1 अगस्त से 15 अगस्त 2026 तक किया जाएगा। सभी खिलाड़ियों के लिए पंजीयन अनिवार्य रहेगा।
पंजीयन की प्रक्रिया केडीसीए के जिला कार्यालय, सिंचाई कॉलोनी स्थित एफ-09 में प्रतिदिन सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक संपन्न होगी। निर्धारित समय में उपस्थित होकर खिलाड़ी अपना पंजीयन करा सकते हैं।
नए पंजीयन के लिए आवश्यक दस्तावेज
नए खिलाड़ियों को ₹500 पंजीयन शुल्क के साथ सभी आवश्यक दस्तावेजों की दो सेट रंगीन फोटो प्रतियां जमा करनी होंगी। इनमें आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, पिछले छह वर्षों की अंकसूचियां, दो रंगीन पासपोर्ट आकार के फोटो शामिल हैं। दस्तावेजों के सत्यापन के लिए खिलाड़ियों को सभी मूल प्रमाण-पत्र भी साथ लाना अनिवार्य होगा।
केडीसीए ने बताया कि खिलाड़ियों के चयन ट्रायल की तिथियों की घोषणा अलग से की जाएगी। पंजीयन एवं अन्य जानकारी के लिए इच्छुक खिलाड़ी जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष बी.बी. साहू से संपर्क कर सकते हैं।



