वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के नए CMD बने डॉ. हेमंत शरद पांडे, नागपुर मुख्यालय में संभाला पदभार

नागपुर। वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (WCL) को नया नेतृत्व मिल गया है। डॉ. हेमंत शरद पांडे ने सोमवार को नागपुर स्थित कंपनी मुख्यालय में चेयरमैन-कम-मैनेजिंग डायरेक्टर (CMD) के रूप में औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया। उनके कार्यभार संभालने के साथ ही कंपनी के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
डॉ. हेमंत शरद पांडे के नागपुर मुख्यालय पहुंचने पर WCL के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान निदेशक (वित्त) डॉ. बिक्रम घोष, निदेशक (तकनीकी) श्री आनंदजी प्रसाद तथा निदेशक (तकनीकी/प्रोजेक्ट्स एवं प्लानिंग) श्री संदीप परांजपे सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
पदभार ग्रहण करने से पहले डॉ. पांडे ने शहीद स्मारक पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद WCL सुरक्षा कर्मियों द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। यह कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया, जिसमें कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
पदभार संभालने के बाद डॉ. हेमंत शरद पांडे ने कंपनी के फंक्शनल डायरेक्टर्स और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने कंपनी के संचालन, सुरक्षा व्यवस्था, उत्पादन क्षमता और कर्मचारी कल्याण से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।
अपने संबोधन में डॉ. पांडे ने कहा कि WCL के भविष्य के लक्ष्यों को हासिल करने के लिए सुरक्षा, परिचालन उत्कृष्टता, पारदर्शिता, नवाचार और कर्मचारी कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने टीमवर्क और बेहतर प्रबंधन के जरिए कंपनी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता जताई।
WCL परिवार ने डॉ. हेमंत शरद पांडे का स्वागत करते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी हैं। माना जा रहा है कि उनके नेतृत्व में कंपनी उत्पादन, सुरक्षा और तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल कर सकती है।




