Chhattisgarh

विश्व पर्यावरण दिवस पर एचटीपीएस कोरबा में पौधरोपण, मुख्य अभियंता एच.के. सिंह ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

कोरबा, 05 जून 2026। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर जनरेशन कंपनी के हसदेव ताप विद्युत गृह (एचटीपीएस) कोरबा पश्चिम में व्यापक पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान संयंत्र के मुख्य अभियंता एच.के. सिंह ने साल वृक्ष का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और सभी अधिकारियों, कर्मचारियों तथा नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनके संरक्षण का आह्वान किया।

एचटीपीएस कॉलोनी स्थित सेंट्रल गार्डन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अभियंता श्री सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यदि आज पेड़-पौधों का संरक्षण और संवर्धन किया जाएगा, तभी आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित रह सकेगा। उन्होंने लोगों से पौधरोपण को जनआंदोलन का रूप देने की अपील करते हुए कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी देखभाल और संरक्षण भी उतना ही महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम के दौरान उद्यान परिसर में साल, नीम, फलदार पौधों सहित विभिन्न स्थानीय प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य अभियंता एम.के. गुप्ता, ए.के. शाह, आर.के. पांडे, पी.के. जोशी, के.एन.बी. राव, एस.के. नायर और एस.सी. पाठक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं परियोजना प्रबंधक एस.के. पंड्या, वरिष्ठ मुख्य रसायनज्ञ ए.के. कुरनाल तथा संकल्प महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती रूक्मणी सिंह ने भी सदस्याओं के साथ पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कार्यक्रम का संचालन सहायक प्रबंधक (पर्यावरण) विकास उइके ने किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 के विश्व पर्यावरण दिवस की थीम “प्रकृति से प्रेरित होकर जलवायु और भविष्य का संरक्षण करें” निर्धारित की गई है। इस थीम का उद्देश्य लोगों को प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित कर जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों का सामना करने और सतत विकास को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित करना है।

इस अवसर पर रायपुर से अतिरिक्त मुख्य अभियंता (सीएंडआरए) विनय पांडेय भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिजनों ने भाग लेकर पौधरोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित इस अभियान के माध्यम से एचटीपीएस कोरबा पश्चिम ने पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और स्वच्छ भविष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए समाज को प्रकृति संरक्षण का महत्वपूर्ण संदेश दिया।

Related Articles

Back to top button