विधायक ब्यास कश्यप के प्रयास से जांजगीर-केरा मार्ग के मजबूतीकरण को मिली मंजूरी

- 16.60 किमी सड़क के लिए 10.04 करोड़ रुपये से अधिक की प्रशासकीय स्वीकृति
जांजगीर-चांपा विधानसभा क्षेत्र के महत्वपूर्ण जांजगीर-केरा मार्ग के मजबूतीकरण कार्य को प्रशासकीय स्वीकृति मिल गई है। विधायक ब्यास कश्यप के प्रयास से वर्ष 2025-26 के बजट में शामिल इस सड़क के 16.60 किलोमीटर हिस्से के मजबूतीकरण के लिए 10 करोड़ 4 लाख 51 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
जांजगीर-केरा मार्ग क्षेत्र में आवागमन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। सड़क के मजबूतीकरण से मार्ग की गुणवत्ता और टिकाऊपन में सुधार के साथ लोगों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद है। विधायक ब्यास कश्यप ने इस सड़क को बजट में शामिल कराने के लिए पहल की थी।
प्रशासकीय स्वीकृति मिलने पर विधायक ब्यास कश्यप ने लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की सड़कों और बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि रोगदा-बिरगहनी मार्ग की स्वीकृति के लिए भी प्रयास जारी हैं और जल्द ही इसकी स्वीकृति मिलने की उम्मीद है।
जांजगीर-केरा मार्ग के मजबूतीकरण को स्वीकृति मिलने से क्षेत्रवासियों में खुशी है। स्थानीय लोगों ने सड़क विकास के लिए किए गए प्रयासों का स्वागत किया है।




