Chhattisgarh

विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा का पाठ, करीब एक हजार छात्रों को किया जागरूक

रायपुर। डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव और सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार को लेकर रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के सेंट्रल जोन में शुक्रवार को “साइबर जागृति अभियान” एवं “संवाद से समाधान” के तहत विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के दौरान करीब एक हजार विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

अभियान के तहत थाना सिविल लाइन क्षेत्र के संत कंवर राम स्कूल, थाना देवेंद्र नगर क्षेत्र के स्वामी आत्मानंद स्कूल त्रिमूर्ति नगर, थाना मौदहापारा क्षेत्र के डागा गर्ल्स कॉलेज तथा थाना कोतवाली, गोलबाजार और महिला थाना के संयुक्त तत्वावधान में संत लक्ष्मीनारायण दास महाविद्यालय गांधी मैदान में कार्यक्रम आयोजित किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को साइबर फ्रॉड से बचने के साथ ही Digital Footprint, Cyber Hygiene और Online Decision Making के बारे में जानकारी दी। विद्यार्थियों को बताया गया कि इंटरनेट पर वे क्या देखते हैं, क्या साझा करते हैं और किस लिंक या व्यक्ति पर भरोसा करते हैं, इसका सीधा प्रभाव उनकी डिजिटल सुरक्षा पर पड़ सकता है।

कार्यक्रम में अनजान APK फाइल को फोटो, निमंत्रण, सरकारी योजना या फेस्टिवल ऑफर के नाम पर इंस्टॉल नहीं करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से पहले उसके स्रोत की जांच करने तथा OTP, UPI PIN और पासवर्ड किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी गई। इसके अलावा Digital Arrest Scam में फर्जी अधिकारियों द्वारा वीडियो कॉल के जरिए डराने और दबाव बनाने जैसी धोखाधड़ी से भी सावधान रहने कहा गया।

बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा के लिए Parental Controls और Apps की Age Rating का ध्यान रखने, WhatsApp Privacy और Two-Step Verification सक्रिय रखने तथा Linked Devices की समय-समय पर जांच करने की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को अपने Digital Footprint को सीमित रखने और अनावश्यक निजी जानकारी सार्वजनिक नहीं करने के लिए भी प्रेरित किया गया।

पुलिस ने साइबर सुरक्षा से जुड़ी उपयोगी सुविधाओं TAFCOP, VirusTotal, National Cyber Crime Reporting Portal और हेल्पलाइन नंबर 1930 के बारे में भी जानकारी दी। अभियान का संदेश रहा—“Online रहें, लेकिन Blind Trust न करें।” पुलिस ने विद्यार्थियों से अपील की कि किसी भी डिजिटल गतिविधि में जल्दबाजी के बजाय पहले जांच करें और उसके बाद ही क्लिक या शेयर करें।

Related Articles

Back to top button