विकसित भारत संकल्प सभा 7 अक्टूबर को जांजगीर में, पीएम मोदी वर्चुअली करेंगे संबोधित

- पुलिस ग्राउंड खोखरा में होगा मुख्य आयोजन, 76×76 फीट में बनेगी ‘सेवा के रंग’ की भव्य रंगोली; संबोधन के बाद निकलेगी सेवा ज्योति कलश यात्रा
जांजगीर-चांपा, 6 अक्टूबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों की जनसेवा के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत 7 अक्टूबर को जांजगीर में ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन किया जाएगा। जिले में कार्यक्रम का मुख्य आयोजन पुलिस ग्राउंड खोखरा, जांजगीर में सुबह 9 बजे से होगा। कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री के संबोधन से पहले कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न सांस्कृतिक और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजन का प्रमुख आकर्षण 76×76 फीट क्षेत्र में तैयार की जाने वाली ‘सेवा के रंग’ की भव्य रंगोली होगी। इस रंगोली के माध्यम से सेवा, समर्पण, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के संकल्प को आकर्षक रूप में प्रदर्शित किया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन के बाद सेवा ज्योति कलश यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी। यात्रा के माध्यम से सेवा, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के संकल्प का संदेश आम लोगों तक पहुंचाया जाएगा। इसमें बड़ी संख्या में नागरिकों के शामिल होने की उम्मीद है।
कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पुलिस ग्राउंड खोखरा में आयोजन से संबंधित व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। कार्यक्रम को लेकर लोगों में भी उत्साह देखा जा रहा है।




