Entertainment

‘वारून फॉरएवर’ के लिए साथ आए श्रेया घोषाल और रोमी, 18 अगस्त को रिलीज होगा नया गाना

मुंबई। एक्सेल एंटरटेनमेंट और अमेजन एमजीएम स्टूडियोज ने बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘मिर्जापुर: द मूवी’ के अपकमिंग गाने ‘वारून फॉरएवर’ के दो नए पोस्टर जारी किए हैं। पोस्टर्स के जरिए पहली बार इस नए म्यूजिकल ट्रैक की विजुअल दुनिया की झलक सामने आई है, जिसने फिल्म को लेकर फैंस की एक्साइटमेंट और बढ़ा दी है।

‘वारून फॉरएवर’ साल 2020 में रिलीज हुए ‘मिर्जापुर’ के लोकप्रिय और यादगार गाने ‘वारून’ का नया वर्जन है। ओरिजिनल ट्रैक को रोमी ने अपनी आवाज दी थी, जबकि इसका संगीत आनंद भास्कर और गीत गिन्नी दीवान ने लिखे थे। यह गाना ‘मिर्जापुर’ की दुनिया का अहम हिस्सा बन गया और दर्शकों के बीच आज भी खासा लोकप्रिय है।

नए वर्जन में ओरिजिनल सिंगर रोमी की वापसी हुई है और इस बार उनके साथ मशहूर गायिका श्रेया घोषाल की आवाज भी सुनाई देगी। आनंद भास्कर और गिन्नी दीवान भी ‘वारून फॉरएवर’ के लिए वापस आए हैं। टीम ने ओरिजिनल गाने की भावनात्मक रूह को बरकरार रखते हुए इसे ‘मिर्जापुर: द मूवी’ के लिए नए म्यूजिकल अंदाज में पेश किया है।

दो नए पोस्टर्स के सामने आने के बाद ‘वारून फॉरएवर’ को लेकर फैंस की उत्सुकता और बढ़ गई है। यह गाना 18 अगस्त 2026 को रिलीज किया जाएगा। पुराने पसंदीदा ट्रैक की नए अंदाज में वापसी ‘मिर्जापुर’ की पुरानी यादों को नए म्यूजिकल अनुभव के साथ जोड़ने वाली है।

अमेजन एमजीएम स्टूडियोज और एक्सेल एंटरटेनमेंट द्वारा प्रस्तुत ‘मिर्जापुर: द मूवी’ का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है। फिल्म की कहानी और स्क्रिप्ट पुनीत कृष्णा ने लिखी है। रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले फिल्म को प्रोड्यूस किया है, जबकि कासिम जगमगिया और विशाल रामचंदानी को-प्रोड्यूसर हैं।

‘मिर्जापुर: द मूवी’ 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Related Articles

Back to top button