महानदी कॉम्प्लेक्स निहारिका में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

कोरबा। महानदी कॉम्प्लेक्स निहारिका परिसर में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। श्री शिव औषधालय के संस्थापक नाड़ीवैद्य पंडित शिव कुमार शर्मा के मुख्य आतिथ्य में आयोजित समारोह में ध्वजारोहण किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वज पूजन के साथ हुई। इसके बाद राष्ट्रगान और भारत माता की जय तथा वंदे मातरम् के जयघोष से पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि नाड़ीवैद्य पंडित शिव कुमार शर्मा ने स्वतंत्रता दिवस की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता का अर्थ स्वच्छंदता नहीं, बल्कि अनुशासित और नियमयुक्त जीवन जीना है। उन्होंने स्वतंत्रता शब्द की व्याख्या करते हुए कहा कि ‘स्व’ का अर्थ स्वयं और ‘तंत्र’ का अर्थ नियम एवं प्रबंधयुक्त व्यवस्था है। इसलिए व्यक्ति को जीवन में निर्धारित नियमों का पालन करते हुए आगे बढ़ना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आयुर्वेद में भी स्वस्थ और निरोगी जीवन के लिए अनेक नियम बताए गए हैं। इन नियमों का पालन करना ही वास्तविक स्वतंत्रता है। इसके विपरीत नियमों और नियंत्रण से मुक्त होकर मनमाने ढंग से जीवन जीना स्वच्छंदता है। उन्होंने कहा कि नियंत्रित एवं नियमयुक्त व्यवहार से ही व्यक्ति सुस्वास्थ्य प्राप्त कर निरोगी जीवन जी सकता है।
कार्यक्रम का संचालन नेत्रनंदन साहू ने अपनी ऊर्जामयी वाणी से किया। समारोह के अंत में महानदी कॉम्प्लेक्स के कार्यकारी अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने सभी अतिथियों और उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में नाड़ीवैद्य पंडित शिव कुमार शर्मा के साथ महानदी कॉम्प्लेक्स के हरेंद्र साहू, विजेंद्र गुप्ता, फिरोज मेमन, विकास अग्रवाल, सचिन अग्रवाल, संजय अग्रवाल, संतोष अग्रवाल, डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा, प्रतिभा शर्मा, डॉ. वागेश्वरी शर्मा, पवन मोदी, संतोष शर्मा, अनंत केजरीवाल, कैलाश अग्रवाल, नीलेश भोजासिया, रजत कर, विमल जैन, दीपक श्रीवास, विनोद शर्मा, प्रतीक मोदी, समीर श्रीवास, प्रमोद जांगड़े, सुधीर सक्सेना, नेत्रनंदन साहू, कुश गुप्ता, अश्विनी बुनकर, अरुण मानिकपुरी, कमल धारिया, देवबलि कुंभकार, कंवल चंद्रा, हिमांशु साहू, सुधा श्रीवास, सिद्धराम शाहनी, अनुराग कंवर, गुनगुन राठिया, शैल निषाद, पिंकी बरेठ, सहदेव यादव, दयांश नारायण शर्मा और हर्ष नारायण शर्मा सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।




