Chhattisgarh

रायपुर में नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4 किलो से अधिक गांजा और 130 नशीली टेबलेट जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

रायपुर, 14 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत टिकरापारा थाना पुलिस ने तीन अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 4.067 किलोग्राम गांजा और 130 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट जब्त की हैं। जब्त गांजे की कीमत करीब 2 लाख 3 हजार 350 रुपये आंकी गई है। कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 13 अक्टूबर को पुलिस उपायुक्त पश्चिम रॉबिन्सन गुड़िया के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त न्यू राजेंद्र नगर नवनीत पाटिल के मार्गदर्शन में TI निरीक्षक राजेश सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पहली कार्रवाई भाठागांव बस स्टैंड स्थित सुलभ शौचालय के पास की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर चिश्तिया नगर निवासी अरशद खान (25 वर्ष) को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके नीले रंग के पिट्ठू बैग से 2.067 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 1 लाख 3 हजार 350 रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया।

दूसरी कार्रवाई भाठागांव बस स्टैंड के पास पानी टंकी क्षेत्र में हुई। यहां पुलिस ने अकबर खान (24 वर्ष) को पकड़ा, जो मूल रूप से बलौदाबाजार का निवासी है और वर्तमान में रायपुर के संजय नगर क्षेत्र में रह रहा था। आरोपी के कब्जे से 2 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत एक लाख रुपये है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है।

तीसरी कार्रवाई हसन कॉलोनी के पीछे सरजू बांधा तालाब के पास की गई। यहां पुलिस ने एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लिया। उसके कब्जे से प्रतिबंधित नशीली दवा नाइट्रोसन-10 की 13 स्ट्रिप में कुल 130 टेबलेट बरामद की गईं। बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश करने के बाद बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार, तीनों मामलों में कुल 4.067 किलोग्राम गांजा और 130 नशीली टेबलेट जब्त की गई हैं। दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button