Chhattisgarh

रायगढ़: वृद्ध महिला को बंधक बनाकर लूटपाट करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 30 हजार नकद और सोने-चांदी के जेवरात लूटे थे

  • खरसिया पुलिस ने किया वारदात का खुलासा, हथौड़ी, बांस का डंडा और बाइक बरामद; एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर हुई कार्रवाई

रायगढ़, 05 नवंबर 2026। जिले के खरसिया थाना क्षेत्र में 62 वर्षीय वृद्ध महिला के घर में घुसकर मारपीट और लूटपाट करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने घर में अकेली रह रही महिला को निशाना बनाकर उसके साथ मारपीट की और नकदी समेत सोने-चांदी के जेवरात लूटकर फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 3 हजार रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल की गई हथौड़ी, बांस का डंडा और मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम बड़े देवगांव निवासी 62 वर्षीय रामबाई साहू ने 1 नवंबर 2026 को थाना खरसिया में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 31 अक्टूबर की रात करीब 1:30 बजे उनकी नींद खुली तो एक अज्ञात व्यक्ति घर की आलमारी से सामान निकाल रहा था। विरोध करने पर आरोपी ने बांस के डंडे से उनके सिर और दोनों हाथों पर हमला कर दिया। इसके बाद आलमारी और संदूक में रखे 30 हजार रुपये नकद, करीब 40 तोला चांदी और 2 तोला सोने के जेवरात लेकर फरार हो गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव और TI निरीक्षक सीताराम ध्रुव को आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़िता और आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसी दौरान ग्राम बड़े देवगांव में घटना की रात मौजूद नागेश कुमार गवेल की गतिविधियां संदिग्ध मिलीं। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने लूटपाट की वारदात स्वीकार कर ली।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह 31 अक्टूबर की रात 4,500 रुपये उधार मांगने गया था। रुपये नहीं मिलने पर उसने लूटपाट की योजना बनाई। उसे जानकारी थी कि रामबाई साहू घर में अकेली रहती हैं। इसी का फायदा उठाकर वह रात में घर के गेट से अंदर घुसा और हथौड़ी से आलमारी तथा संदूक तोड़कर नकदी और जेवरात निकालने लगा। इसी दौरान महिला की नींद खुल गई और उन्होंने विरोध किया। इस पर आरोपी ने बांस के डंडे से हमला कर दिया और लूटे गए सामान के साथ मोटरसाइकिल से फरार हो गया।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 3 हजार रुपये नकद, हथौड़ी और बांस का डंडा बोरदी मोड़ के पास झाड़ियों से बरामद किया। वारदात में इस्तेमाल की गई डिस्कवर मोटरसाइकिल उसके घर से जब्त की गई। आरोपी ने शेष 25 हजार रुपये, सोने और चांदी के जेवरात नरवा मुक्तिधाम के पास छिपाने की जानकारी दी थी, लेकिन पुलिस को तलाशी के दौरान वहां से कोई सामान नहीं मिला।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान नागेश कुमार गवेल (29 वर्ष), पिता प्रमोद कुमार गवेल, निवासी ग्राम बड़े बोरदी, थाना खरसिया, जिला रायगढ़ के रूप में हुई है। पीड़िता से आरोपी की पहचान कार्यपालिक दंडाधिकारी के समक्ष कराई गई। इसके बाद 4 नवंबर को उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन और एसडीओपी सतीश भार्गव के पर्यवेक्षण में TI निरीक्षक सीताराम ध्रुव सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि बुजुर्गों और महिलाओं की सुरक्षा रायगढ़ पुलिस की प्राथमिकता है। उनके विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button