Chhattisgarh

रायगढ़ में रिटायर्ड शिक्षक से 47 लाख की ऑनलाइन ठगी, 6 साल तक खाते से रकम उड़ाता रहा परिचित; आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़, 7 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में रिटायर्ड शिक्षक से 47 लाख 5 हजार रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। कोतरारोड़ थाना पुलिस ने मामले में पीड़ित के परिचित और विश्वासपात्र छत्रपाल सिदार (34) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने करीब छह वर्षों तक सेवानिवृत्त शिक्षक के बैंक खाते से अलग-अलग बैंक खातों में रकम ऑनलाइन ट्रांसफर की और बाद में इन पैसों को ऑनलाइन गेमिंग में खर्च कर दिया।

ग्राम कांटाहरदी निवासी रघुनाथ सिदार (64) वर्ष 2024 में शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त हुए थे। वर्ष 2020 से छत्रपाल सिदार उनके संपर्क में था और बैंक संबंधी कामों में उनकी मदद करता था। इसी वजह से धीरे-धीरे आरोपी को उनके बैंकिंग कामकाज और मोबाइल तक पहुंच मिल गई।

रिटायरमेंट के बाद रघुनाथ सिदार के एसबीआई कोतरारोड़ खाते में जीपीएफ, ग्रेच्युटी, अवकाश समर्पण सहित अन्य राशि जमा हुई थी। मकान निर्माण के लिए जमीन खरीदने के उद्देश्य से जब उन्होंने बैंक खाते का स्टेटमेंट निकलवाया, तो उसमें बड़ी रकम के संदिग्ध ऑनलाइन ट्रांजेक्शन सामने आए।

जांच में पता चला कि जनवरी 2020 से जून 2026 तक उनके खाते से कुल 47,05,000 रुपये अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर किए गए। इसमें ग्रामीण बैंक, आईडीबीआई बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा सहित अन्य बैंक खाते शामिल थे। इसके बाद पीड़ित ने कोतरारोड़ थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने 5 अक्टूबर 2026 को अपराध क्रमांक 377/2026 दर्ज कर धारा 318(4) बीएनएस के तहत जांच शुरू की। पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने पीड़ित के खाते से रकम अपने एचडीएफसी बैंक, एसबीआई, बैंक ऑफ इंडिया और अपेक्स बैंक खातों में ट्रांसफर करने की बात स्वीकार की।

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने यह भी बताया कि ट्रांसफर की गई रकम को उसने ऑनलाइन गेमिंग में खर्च कर दिया। पुलिस ने आरोपी से संबंधित बैंक खातों की जानकारी, एटीएम और मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। कार्रवाई में एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन, डीएसपी उन्नति ठाकुर के सुपरविजन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक शील आदित्य सिंह, एएसआई मन मोहन बैरागी, आरक्षक शुभम तिवारी सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह ने लोगों से अपील की है कि बैंक खाते, एटीएम, चेकबुक, मोबाइल और बैंकिंग संबंधी जानकारी किसी अन्य व्यक्ति से साझा न करें। साथ ही खाते में होने वाले प्रत्येक लेन-देन की नियमित जांच करें और किसी भी संदिग्ध ट्रांजेक्शन की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

Related Articles

Back to top button