नारी वंदन अधिनियम के समर्थन में भाजपा की आक्रोश रैली, कचहरी चौक पर धरना-प्रदर्शन

कोरबा। नारी वंदन अधिनियम बिल को विपक्ष द्वारा गिराए जाने के विरोध में जिला भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार आक्रोश रैली निकाली। रैली की शुरुआत नेताजी चौक से हुई, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कचहरी चौक पहुंची। यहां रैली का समापन धरना-प्रदर्शन के साथ किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से सांसद कमलेश जांगड़े और जिला भाजपा अध्यक्ष अम्बेश जांगड़े उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री नंद चौधरी ने किया। इस दौरान सांसद कमलेश जांगड़े ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि नारी वंदन अधिनियम बिल को सदन में गिराकर विपक्ष ने महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाई है। उन्होंने इस अधिनियम को महिलाओं के राजनीतिक सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि इससे महिलाओं को संसद और विधानसभा में पर्याप्त प्रतिनिधित्व मिलेगा।
सांसद ने यह भी आरोप लगाया कि यह अधिनियम वर्षों से लंबित था और कांग्रेस ने इसे जानबूझकर लटकाए रखा। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर देश की महिलाओं में आक्रोश है, जिसका असर आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनावों में देखने को मिलेगा।
धरना-प्रदर्शन के दौरान कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सभा को संबोधित किया, जिनमें गुलाब सिंह चंदेल, नंद चौधरी, नंदनी राजवाड़े, रजनी सत्तू साहू, संगीता पाण्डेय, डॉ. धनेश्वरी जागृति, सलीम मेमन और प्रदीप शरफ प्रमुख रहे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही। अंत में जिला अध्यक्ष अम्बेश जांगड़े ने सभी का आभार व्यक्त किया और कार्यक्रम का समापन किया।




