Chhattisgarh

Bilaspur Crime: सीपत पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाई लाखों की चोरी, सोने-चांदी के जेवर समेत दो आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर । जिले के सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम खम्हरिया में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। सीपत पुलिस और एसीसीयू बिलासपुर की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से चोरी गए सोने-चांदी के शत-प्रतिशत जेवर बरामद कर लिए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ग्राम खम्हरिया निवासी आदित्य कुमार लहरे पिता अश्वनी लहरे, उम्र 22 वर्ष और जावेद अली पिता सहबान अली, उम्र 25 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 222.39 ग्राम सोने के जेवर और 239.37 ग्राम चांदी के जेवर बरामद किए हैं। इसके अलावा चोरी के दौरान ताला तोड़ने में इस्तेमाल लोहे की रॉड भी जब्त की गई है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम खम्हरिया निवासी सुंदर लाल मैत्री ने सीपत थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 11 अगस्त 2026 की सुबह करीब 5:10 बजे वह अपनी पत्नी के साथ रोजाना की तरह मॉर्निंग वॉक के लिए ग्राम सोंठी रोड की ओर गए थे। करीब 6 बजे जब दोनों वापस घर पहुंचे तो सामने का ताला टूटा हुआ मिला और पीछे का दरवाजा खुला था।

घर के अंदर जाकर जांच करने पर आलमारी के लॉकर में रखे सोने-चांदी के आभूषण गायब मिले। चोरी गए सामान में सोने का रानी हार, हार के सेट, चूड़ियां, अंगूठियां, सोने की चेन, कान के टॉप्स, माला, झुमके सहित चांदी की पायल, बिछिया और सिक्के शामिल थे।

घटना की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। बिलासपुर से फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की टीम को बुलाकर घटनास्थल का निरीक्षण कराया गया। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्यों और बीट आरक्षकों से मिली सटीक सूचना के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने आदित्य कुमार लहरे और जावेद अली को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी पीड़ित के घर के आसपास ही रहते थे और उन्हें परिवार की गतिविधियों तथा मॉर्निंग वॉक पर जाने के समय की जानकारी थी। आरोपियों ने पहले घर की रेकी की और 11 अगस्त की सुबह जब दंपती मॉर्निंग वॉक के लिए निकले, तब पीछे के दरवाजे से घर में प्रवेश कर ताला तोड़ा और आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर चोरी कर फरार हो गए।

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि पकड़े जाने के डर से उन्होंने चोरी के जेवर एक पुराने निर्माणाधीन मकान में छिपा दिए थे। कुछ आभूषण निर्माणाधीन मकान के अंदर फेंक दिए गए थे। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए सोने-चांदी के सभी आभूषण बरामद कर लिए। इस तरह पुलिस ने चोरी गए माल का 100 प्रतिशत मशरूका बरामद करने में सफलता हासिल की।

कार्रवाई में थाना सीपत पुलिस और एसीसीयू बिलासपुर की टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने मामले में त्वरित कार्रवाई कर शत-प्रतिशत चोरी का माल बरामद करने वाली पुलिस टीम के लिए नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने और त्वरित जांच के प्रति पुलिस की सक्रियता सामने आई है।

Related Articles

Back to top button