रायगढ़ में जुआ फड़ों पर पुलिस की बड़ी रेड, 29 जुआरी गिरफ्तार; 9 लाख रुपये से अधिक नकद जब्त

- ऑपरेशन अंकुश के तहत रानीसागर और तारापुर में एक साथ कार्रवाई, दो अलग-अलग जुआ फड़ों से कुल ₹9,00,500 बरामद
रायगढ़, 07 नवंबर 2026। जिले में अवैध जुआ-सट्टा के खिलाफ रायगढ़ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत पुलिस ने दो अलग-अलग जुआ फड़ों पर बड़ी कार्रवाई की है। खरसिया थाना क्षेत्र के रानीसागर और कोतरारोड़ थाना क्षेत्र के ग्राम तारापुर में पुलिस ने एक साथ दबिश देकर कुल 29 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ों से कुल 9 लाख 500 रुपये नकद जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन में सीएसपी राहुल उइके और ट्रैफिक डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। पुलिस को दोनों स्थानों पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर ताश के पत्तों से जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद सुनियोजित तरीके से दोनों जगह घेराबंदी कर कार्रवाई की गई।

रानीसागर में 19 जुआरी गिरफ्तार, 6.07 लाख रुपये जब्त
पहली कार्रवाई खरसिया के रानीसागर स्थित पुरानी हेक्सा फैक्ट्री की बाउंड्रीवाल के भीतर की गई। यहां स्ट्रीट लाइट के नीचे दो पत्ती ताश से जुआ खेला जा रहा था। पुलिस टीम ने दबिश देकर मौके से 19 जुआरियों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे और जुआ फड़ से 6 लाख 7 हजार 400 रुपये नकद, ताश की दो गड्डियां और प्लास्टिक की बोरी जब्त की गई। गिरफ्तार आरोपी खरसिया, घरघोड़ा और रायगढ़ क्षेत्र के निवासी हैं।
तारापुर में मोमबत्ती की रोशनी में चल रहा था जुआ, 10 गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई कोतरारोड़ थाना क्षेत्र के ग्राम तारापुर में एचपी गैस एजेंसी के पास की गई। यहां दीवार के किनारे मोमबत्ती की रोशनी में ताश के पत्तों से काट पत्ती नामक जुआ खेला जा रहा था। पुलिस की दबिश के दौरान कुछ जुआरी मौके से फरार हो गए, जबकि 10 लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके कब्जे और जुआ फड़ से 2 लाख 93 हजार 100 रुपये नकद तथा 52 पत्ती ताश की गड्डी जब्त की।
जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई
दोनों मामलों में गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। इस संयुक्त कार्रवाई में खरसिया और कोतरारोड़ थाना पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ-सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




