Chhattisgarh

रायगढ़ में ऑपरेशन प्रहार के तहत 14 टन अवैध स्क्रैप जब्त, 11.98 लाख की संपत्ति बरामद

रायगढ़, 01 अक्टूबर। जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पूंजीपथरा पुलिस ने अवैध स्क्रैप परिवहन के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने करीब 14 टन स्क्रैप से लदे टाटा 1512 माजदा वाहन को जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त स्क्रैप की अनुमानित कीमत 3.98 लाख रुपये और परिवहन में इस्तेमाल वाहन की कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई गई है। इस तरह पुलिस ने कुल करीब 11.98 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, 30 सितंबर 2026 को पूंजीपथरा थाना प्रभारी निरीक्षक राम किंकर यादव को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रायगढ़ की ओर से आए लाल-मैरून रंग के माजदा वाहन में टीन, लोहे के टुकड़े, रॉड और वाहनों के पार्ट्स सहित बड़ी मात्रा में स्क्रैप लाकर स्टार ढाबा के पास छिपाकर रखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।

मौके पर टाटा 1512 माजदा 6 चक्का वाहन क्रमांक OD15V7853 खड़ा मिला। वाहन की जांच करने पर उसके डाला में विभिन्न प्रकार का स्क्रैप लोड पाया गया, जिसका वजन करीब 14 टन बताया गया। पुलिस टीम को देखकर वाहन चालक मौके से भागने और छिपने का प्रयास करने लगा, जिसे पुलिसकर्मियों ने पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी की पहचान भूषण कुमार साह पिता पुनवासी साह, उम्र 37 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 09, ब्रीजराजनगर, जिला झारसुगुड़ा, ओडिशा के रूप में हुई। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्क्रैप को रेंगाली कैंप, जिला बरगढ़, ओडिशा स्थित कबाड़ी दुकान से लेकर आया था और इसे स्थानीय प्लांट में खपाने की तैयारी थी।

पुलिस ने वाहन में लदे करीब 14 टन स्क्रैप की कीमत 3.98 लाख रुपये तथा परिवहन में प्रयुक्त टाटा माजदा वाहन की कीमत करीब 8 लाख रुपये आंकी है। दोनों को जब्त कर पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। मामले में आरोपी के विरुद्ध धारा 35(क)(ड) BNSS एवं 303(2) BNS के तहत थाना पूंजीपथरा में वैधानिक कार्रवाई की गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि अवैध कबाड़ के परिवहन और संदिग्ध गतिविधियों पर रायगढ़ पुलिस लगातार नजर रख रही है। अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक पारसमणी बेहरा, आरक्षक विनय तिवारी, आरक्षक चन्द्रशेखर चन्द्राकर और आरक्षक विनोद शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button