Chhattisgarh

मुख्यमंत्री सुशासन फेलोशिप: युवाओं को IIM रायपुर में MBA का सुनहरा अवसर

कोरबा, 09 अप्रैल 2026।
छत्तीसगढ़ के युवाओं को उच्च शिक्षा एवं बेहतर करियर अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में “मुख्यमंत्री सुशासन फेलोशिप” के तहत एक विशेष पहल शुरू की गई है। इस योजना के अंतर्गत पात्र विद्यार्थियों को भारतीय प्रबंध संस्थान रायपुर में दो वर्षीय एमबीए इन पब्लिक पॉलिसी एंड गवर्नेंस कोर्स करने का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार के लिए संस्थान के प्रतिनिधि प्रदेश के विभिन्न जिलों का दौरा कर रहे हैं। इसी क्रम में आईआईएम रायपुर के प्रतिनिधि बिनॉय और एस.एन. मंडल ने कोरबा जिले के प्रमुख महाविद्यालयों में पहुंचकर विद्यार्थियों को कोर्स, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी।

टीम ने ई. विश्वेश्वरैया पीजी कॉलेज, मिनीमाता कन्या महाविद्यालय, अग्रसेन कन्या महाविद्यालय तथा कमला नेहरू कॉलेज में विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें इस फेलोशिप के लाभों से अवगत कराया। साथ ही जागरूकता बढ़ाने के लिए पाम्फलेट वितरित किए गए और अधिक से अधिक युवाओं को आवेदन के लिए प्रेरित किया गया।

इस फेलोशिप की प्रमुख विशेषता यह है कि चयनित अभ्यर्थियों की संपूर्ण फीस छत्तीसगढ़ शासन द्वारा वहन की जाएगी। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों को प्रति माह 50,000 रुपये की छात्रवृत्ति भी प्रदान की जाएगी। कोर्स के दौरान छात्रों को आईआईएम रायपुर में उच्चस्तरीय शिक्षण के साथ-साथ राज्य शासन के विभिन्न विभागों में व्यावहारिक प्रशिक्षण का अवसर भी मिलेगा।

यह योजना केवल छत्तीसगढ़ के मूल निवासियों के लिए लागू है तथा इसमें राज्य शासन की आरक्षण नीति का पालन किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी आईआईएम रायपुर की आधिकारिक वेबसाइट पर निर्धारित तिथि तक आवेदन कर सकते हैं।

इस पहल के माध्यम से प्रदेश के युवाओं को न केवल उच्च शिक्षा का बेहतर अवसर मिलेगा, बल्कि वे सुशासन और पब्लिक पॉलिसी के क्षेत्र में अपना भविष्य भी सशक्त बना सकेंगे।

Related Articles

Back to top button