Chhattisgarh

Keshkal BJP Councillors Resignation: केशकाल में भाजपा को झटका, 6 पार्षदों ने संगठन से दिया इस्तीफा

केशकाल, कोंडागांव। कोंडागांव जिले की नगर पंचायत केशकाल की राजनीति में उस समय हलचल मच गई, जब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के छह पार्षदों ने संगठन से इस्तीफा दे दिया। पार्षदों ने अपना इस्तीफा पत्र भाजपा मंडल अध्यक्ष को सौंपते हुए संगठन के प्रति नाराजगी जाहिर की है।

जानकारी के अनुसार, एक साथ छह भाजपा पार्षदों के इस्तीफे से स्थानीय राजनीतिक माहौल गर्मा गया है। हालांकि भाजपा संगठन ने अभी तक किसी भी पार्षद का इस्तीफा स्वीकार नहीं किया है। पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी मामले को गंभीरता से लेते हुए नाराज पार्षदों से लगातार संपर्क कर रहे हैं और उन्हें मनाने का प्रयास किया जा रहा है।

सूत्रों के मुताबिक, पार्षदों की नाराजगी संगठनात्मक कार्यप्रणाली और कुछ स्थानीय मुद्दों को लेकर है। हालांकि इस्तीफे के पीछे की वास्तविक वजहों को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

भाजपा नेतृत्व मतभेदों को दूर करने और संगठन को एकजुट बनाए रखने के लिए सक्रिय हो गया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि यह मामला जल्द नहीं सुलझा, तो इसका असर नगर पंचायत केशकाल की राजनीति के साथ-साथ भाजपा संगठन की स्थानीय गतिविधियों पर भी पड़ सकता है।

फिलहाल सभी की नजरें भाजपा नेतृत्व की आगामी रणनीति और इस्तीफा देने वाले पार्षदों के अगले कदम पर टिकी हुई हैं।

Related Articles

Back to top button