भोजन के दौरान विवाद, बड़े भाई ने कुल्हाड़ी से छोटे भाई की हत्या

कोरबा। जिले के बांगो थाना क्षेत्र अंतर्गत लानलेपरा गांव में मंगलवार रात पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। भोजन के दौरान हुए विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाने की तैयारी की जा रही थी, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी अपनी पत्नी के साथ फरार हो गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, लानलेपरा गांव निवासी मथुरा धनवार (पिता बिदुर सिंह) मंगलवार रात भोजन करने के बाद रसोई के पास बने कमरे में बैठा था। इसी दौरान उसका बड़ा भाई कैलाश धनवार भोजन कर रहा था। किसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक विवाद में बदल गई।
परिजनों ने दोनों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन विवाद बढ़ता गया। इसी बीच गुस्से में आए कैलाश ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाकर मथुरा पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। कुल्हाड़ी के वार उसके हाथ और कंधे पर लगे, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गया।
वारदात के बाद आरोपी कैलाश अपनी पत्नी के साथ मौके से फरार हो गया। परिजनों और ग्रामीणों ने घायल मथुरा को उपचार के लिए पोड़ी-उपरोड़ा के शासकीय अस्पताल ले जाने की तैयारी की, लेकिन अधिक रक्तस्राव होने के कारण अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही बांगो पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आरोपी कैलाश धनवार के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपा जाएगा। फरार आरोपी और उसकी पत्नी की तलाश में पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
कोरबा जिले में हाल के दिनों में पारिवारिक विवादों के कारण हत्या की घटनाओं में बढ़ोतरी चिंता का विषय बनती जा रही है। एक ही परिवार के सदस्यों के बीच मामूली विवाद का हिंसक रूप लेना सामाजिक ताने-बाने पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस मामले की जांच के साथ-साथ फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।




