Chhattisgarh

भारत इलेक्ट्रिसिटी समिट में एसईसीएल के गेवरा मेगा प्रोजेक्ट और केनापारा इको पार्क के मॉडल बने आकर्षण का केंद्र

नई दिल्ली। 1 से 3 सितंबर 2026 तक यशोभूमि (आईआईसीसी), द्वारका, नई दिल्ली में आयोजित भारत इलेक्ट्रिसिटी समिट 2026 में कोल इंडिया लिमिटेड के स्टॉल पर साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के गेवरा मेगा प्रोजेक्ट और केनापारा इको पार्क के मॉडल आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। POWERGEN India और Indian Utility Week के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में ऊर्जा क्षेत्र के विशेषज्ञों, उद्योग प्रतिनिधियों, नीति-निर्माताओं और विभिन्न हितधारकों की सहभागिता हो रही है।

कोल इंडिया के स्टॉल पर प्रदर्शित गेवरा मेगा प्रोजेक्ट का मॉडल एशिया की प्रमुख ओपनकास्ट कोयला खदानों में शामिल गेवरा परियोजना में कोयला उत्खनन, उत्पादन और परिवहन की प्रक्रिया को दर्शाता है। साथ ही यह देश की बढ़ती ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में परियोजना की महत्वपूर्ण भूमिका को भी प्रदर्शित करता है।

वहीं केनापारा इको पार्क का मॉडल खनन के बाद भूमि के पुनर्विकास, पर्यावरण संरक्षण और हरित पहल के क्षेत्र में एसईसीएल के प्रयासों को दर्शाता है। मॉडल के साथ वीआर (वर्चुअल रियलिटी) एक्सपीरियंस की सुविधा भी दी गई है, जिसके माध्यम से विजिटर वीआर सेट पहनकर केनापारा इको पार्क का वर्चुअल टूर कर रहे हैं और इसके विकास एवं प्रमुख विशेषताओं की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं।

गेवरा मेगा प्रोजेक्ट और केनापारा इको पार्क के मॉडल एसईसीएल की उस कार्यशैली को प्रदर्शित करते हैं, जिसमें देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए कोयला उत्पादन के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास को भी प्राथमिकता दी जा रही है। समिट में एसईसीएल की यह प्रस्तुति ऊर्जा आत्मनिर्भरता और सतत विकास के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है।

Related Articles

Back to top button