Chhattisgarh

कोरबा: पचपेड़ी गांव के खेत में अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी, पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी

कोरबा। जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पचपेड़ी में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव गांव के मुख्य मार्ग से खेतों की ओर जाने वाले रास्ते से लगभग 150 मीटर अंदर खेत के एक पेड़ के किनारे पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही उरगा पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

ग्रामीणों के अनुसार पिछले एक-दो दिनों से क्षेत्र में दुर्गंध आने का आभास हो रहा था, लेकिन शव जिस स्थान पर पड़ा था वह जगह सामान्य नजरों से ओझल थी। बुधवार को जब ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल इसकी सूचना उरगा थाना पुलिस को दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास एक रेलवे टिकट बरामद हुआ, जिस पर 30 अगस्त को सुबह 7:02 बजे जारी होने का समय अंकित बताया जा रहा है। इसके अलावा रास्ते में पत्तों से बनाई गई चिलम और माचिस भी मिली है। हालांकि इस बात की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि इन वस्तुओं का मृतक से कोई संबंध है या नहीं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश के कारण घटनास्थल से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण साक्ष्य नष्ट या बह गए हो सकते हैं। बावजूद इसके फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने बारीकी से जांच करते हुए कई नमूने एकत्र किए हैं।

पुलिस को मृतक के हल्के नीले रंग की जींस की जेब से एक राजश्री, एक मेघना तंबाकू का पाउच तथा एक फटा हुआ विजिटिंग कार्ड मिला है, जिन्हें जब्त कर जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है।

लगातार बारिश के बीच पुलिस, फॉरेंसिक टीम और ग्रामीणों की मदद से शव को खेत से बाहर निकाला गया। प्रारंभिक जांच के बाद शव का पंचनामा तैयार किया गया और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

इधर, सरगबुंदिया गांव के एक मानसिक रूप से कमजोर और लापता व्यक्ति की आशंका को लेकर उसके परिजन भी मौके पर पहुंचे थे, लेकिन वे शव की पहचान नहीं कर सके। इससे मृतक की पहचान का रहस्य अभी बरकरार है।

Related Articles

Back to top button