भाजपा मछुआरा प्रकोष्ठ की प्रदेश कार्यसमिति बैठक संपन्न, संगठन विस्तार और समाज के उत्थान पर हुआ मंथन

प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने किया मार्गदर्शन, मछुआरा समाज तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर दिया जोर
रायपुर,13अक्टूबर 2026/ छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी मछुआरा प्रकोष्ठ की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित की गई। बैठक में भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। उनके मार्गदर्शन में आयोजित इस बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, मछुआरा समाज के हितों की रक्षा करने तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक दो सत्रों में संपन्न हुई, जिसमें प्रदेश पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों एवं विभिन्न दायित्वों का निर्वहन कर रहे कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।

बैठक के प्रथम सत्र में मछुआरा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक प्रदीप कैवर्त ने स्वागत भाषण एवं अध्यक्षीय उद्बोधन दिया। उन्होंने प्रकोष्ठ की कार्ययोजना, संगठनात्मक गतिविधियों और पदाधिकारियों के दायित्वों की जानकारी प्रस्तुत की। इसके बाद प्रदेश संगठन महामंत्री श्री कर्मवीर सिंह ने संगठन की कार्यप्रणाली, कार्यकर्ताओं की भूमिका और आगामी कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना सहित सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी मछुआरा समाज के पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने और राष्ट्र की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सक्रियता से कार्य करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर भाजपा के सभी प्रकोष्ठों के संयोजक एवं पूर्व सांसद चुन्नीलाल साहू ने संगठनात्मक कार्यों के समन्वय, दायित्वों के निर्वहन और कार्ययोजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के संबंध में अपने विचार रखे। वहीं, मछुआरा प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश संयोजक एवं वर्तमान अन्य पिछड़ा वर्ग बोर्ड के अध्यक्ष नेहरू निषाद ने अपने कार्यकाल के अनुभव साझा किए। उन्होंने संगठन की मूल भावना, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और समाज के बीच संगठन की पहुंच बढ़ाने के महत्व पर प्रकाश डाला।

बैठक के द्वितीय सत्र में मछुआरा प्रकोष्ठ के प्रदेश प्रभारी कृष्ण बिहारी जायसवाल ने निर्धारित कार्ययोजनाओं तथा राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशों के अनुरूप संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन एवं मछुआरा प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय संयोजक श्री बी.डी. शर्मा के मार्गदर्शन का उल्लेख करते हुए प्रकोष्ठ की संगठनात्मक उपयोगिता और महत्व पर चर्चा की। उन्होंने मछुआरा समाज सहित विभिन्न समुदायों को भाजपा की रीति-नीति से जोड़ने तथा सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के संकल्प को साकार करने पर बल दिया। साथ ही, मछुआरा समाज की सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने और समाज के लोगों को संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

प्रदेश संयोजक प्रदीप कैवर्त ने इस दौरान प्रकोष्ठ की आगामी कार्ययोजनाओं, पदाधिकारियों के कार्य विभाजन और संगठनात्मक जिम्मेदारियों की जानकारी दी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर मछुआरा समाज को संगठित करने, सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने तथा समाज की समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि संगठन के प्रत्येक कार्य में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करते हुए छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सभी को समर्पित भाव से कार्य करना होगा। बैठक में आगामी कार्ययोजनाओं को प्रभावी रूप से क्रियान्वित करने के लिए पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश महामंत्री कार्यालय डॉ. नवीन मार्कंडेय, प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, सभी प्रकोष्ठों के संयोजक एवं पूर्व सांसद चुन्नीलाल साहू, प्रदेश कार्यालय प्रभारी अशोक बजाज, मछुआरा प्रकोष्ठ के प्रदेश प्रभारी कृष्ण बिहारी जायसवाल, प्रदेश संयोजक प्रदीप कैवर्त, सह-संयोजक श्रीमती प्रेमलता निषाद, जुगल किशोर कैवर्त, सोहन लाल धीवर, संभाग प्रभारी रूपचंद धीवर, ईश्वर निषाद, रमेश धीवर, प्रदेश सह-मीडिया प्रभारी पूनमचंद सपहा, प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी शशिकांत निषाद, सह सोशल मीडिया प्रभारी योगेश भोई, सौरभ निषाद, प्रदेश कोषाध्यक्ष कमलकांत नाविक तथा सह-कोषाध्यक्ष राजू निषाद सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बसंत तारक, कुबेर सपहा, जयराम धीवर, नवीन धीवर, भरत लाल धीवर, रुपचंद धीवर, श्रीमती संतोषी कैवर्त्य, अशोक निषाद, श्रीमती संगीता निषाद, राजू निषाद, नरेश निषाद, लोकनाथ निषाद, नंद कुमार निषाद, धनेश कैवर्त्य एवं मदन निषाद सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बैठक में शामिल हुए।
बैठक का प्रमुख उद्देश्य संगठन को अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाना, मछुआरा समाज के हितों से जुड़े विषयों पर चर्चा करना और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के संकल्प को मजबूत करना रहा। बैठक में सभी पदाधिकारियों ने संगठनात्मक एकजुटता, समर्पण और सक्रिय सहभागिता के साथ आगामी कार्ययोजनाओं को सफल बनाने तथा मछुआरा समाज के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
भारतीय जनता पार्टी का मूल मंत्र—सेवा, समर्पण एवं संगठन सर्वोपरि—बैठक की कार्ययोजना और संकल्पों में प्रमुख रूप से परिलक्षित हुआ।



