भंडारा सड़क हादसे में छत्तीसगढ़ के नागरिकों की मौत पर मुख्यमंत्री ने जताया दुख

कोरबा, 11 सितंबर। महाराष्ट्र के भंडारा जिले में नागपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में छत्तीसगढ़ के कई नागरिकों, जिनमें छोटे बच्चे भी शामिल हैं, के असामयिक निधन पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने हादसे को अत्यंत दुःखद और हृदयविदारक बताते हुए दिवंगत आत्माओं को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि शोक की इस कठिन घड़ी में उनकी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। उन्होंने ईश्वर से शोकसंतप्त परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि दुर्घटना में घायल नागरिकों के समुचित उपचार और प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए छत्तीसगढ़ से अधिकारियों की एक टीम घटनास्थल के लिए भेज दी गई है। अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंचकर आवश्यक समन्वय और सहायता उपलब्ध कराने का कार्य करेगी।
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र सरकार एवं स्थानीय प्रशासन से भी लगातार समन्वय किया जा रहा है, ताकि दुर्घटना में प्रभावित छत्तीसगढ़ के नागरिकों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा और अन्य जरूरी सहायता समय पर मिल सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता से खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने दुर्घटना में घायल नागरिकों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।
भंडारा जिले में हुए इस हादसे के बाद छत्तीसगढ़ के प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने सरकार की ओर से आवश्यक सहयोग और सहायता सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया है।




