प्रधानमंत्री जी के राष्ट्र निर्माण की यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प: हर्षिता पांडे

जांजगीर-चांपा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान के तहत जिले में सेवा, जनकल्याण, जनजागरूकता एवं राष्ट्रनिर्माण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
भाजपा कार्यालय जांजगीर में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश मंत्री श्रीमती हर्षिता पांडे ने अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन की सेवा, समर्पण और राष्ट्रनिर्माण की यात्रा को जन-जन तक पहुंचाना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।
उन्होंने बताया कि एक माह तक चलने वाले अभियान में ‘आशीर्वाद का दिया’, ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’ तथा ‘जनसेवक महाकुंभ—पंचायत से पार्लियामेंट’ जैसे कार्यक्रम होंगे।
17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा। इस दौरान रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य शिविर सहित विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन और पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाई जाएगी।
श्रीमती पांडे ने भाजपा कार्यकर्ताओं से अभियान को जन-जन का अभियान बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि यह केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं, बल्कि सेवा को संस्कार और राष्ट्रनिर्माण को संकल्प बनाने का अवसर है।
प्रेस वार्ता में अम्बेश जांगड़े, अमर सुल्तानिया, नंदनी रजवाड़े, पंकज अग्रवाल, आशुतोष गोस्वामी, पुष्पेंद्र प्रताप सिंह, रवि पाण्डेय, विकास शर्मा, राकेश रूपवानी सहित भाजपा पदाधिकारी एवं पत्रकारगण उपस्थित रहे।




