Chhattisgarh

बेमेतरा में साइबर अपराध और डिजिटल अरेस्ट से बचाव पर प्रशिक्षण कार्यशाला, पुलिसकर्मियों व पैरालीगल वॉलिंटियर्स को दी गई जानकारी

बेमेतरा, 7 अक्टूबर 2026। साइबर अपराध, डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन ठगी के बढ़ते मामलों को देखते हुए बेमेतरा पुलिस ने बुधवार को एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया। पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल (IPS) के निर्देशन में यह कार्यशाला पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभा कक्ष में आयोजित की गई।

कार्यशाला में पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पैरालीगल वॉलिंटियर्स को साइबर अपराध के बदलते स्वरूप, ठगी के नए तरीकों और उनसे बचाव के प्रभावी उपायों की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान डिजिटल अरेस्ट, साइबर फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराध की रोकथाम से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी साझा की गई।

साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक मयंक मिश्रा और प्रधान आरक्षक लोकेश सिंह ने प्रशिक्षण प्रदान किया। इस दौरान साइबर अपराध के पीड़ितों को उचित मार्गदर्शन देने और आम नागरिकों को साइबर ठगी के प्रति जागरूक करने के तरीकों पर भी चर्चा हुई।

कार्यशाला में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव, एसडीओपी बेमेतरा भुषण एक्का, एसडीओपी बेरला रूचि वर्मा सहित विभिन्न थाना-चौकी और शाखाओं के पुलिस अधिकारी-कर्मचारी तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पैरालीगल वॉलिंटियर्स मौजूद रहे।

बेमेतरा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि साइबर ठगी या किसी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि का सामना होने पर तत्काल सतर्कता बरतें और साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस ने कहा कि साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरूकता और समय पर कार्रवाई सबसे महत्वपूर्ण सुरक्षा उपाय हैं।

Related Articles

Back to top button