Chhattisgarh

बिलासपुर में 61 प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थों का नष्टीकरण, 302 किलो से ज्यादा गांजा समेत नशीली दवाएं की गईं नष्ट

बिलासपुर, 08 अक्टूबर 2026। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई के बाद विभिन्न प्रकरणों में जब्त नशीले पदार्थों का नियमानुसार नष्टीकरण किया गया। जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल समिति के अध्यक्ष एवं पुलिस उप महानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह की उपस्थिति और निर्देशन में यह कार्रवाई पूरी की गई।

एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज 61 प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत नष्ट किया गया। इसमें 302.642 किलोग्राम गांजा, 1,989 नग सीरप, 2.9 ग्राम ब्राउन शुगर, 9,641 नग इंजेक्शन/एंपुल, 9.38 ग्राम चरस, 248 नग कैप्सूल और 11,610 नग टेबलेट शामिल थे।

08 अक्टूबर को सुधा बायो पावर प्राइवेट लिमिटेड, मोहतरा/मोहतराई, थाना कोनी क्षेत्र, जिला बिलासपुर स्थित भट्ठी (Furnace) में जब्त मादक पदार्थों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत जलाकर नष्ट किया गया। नष्टीकरण की प्रक्रिया में रोलर का भी उपयोग किया गया।

कार्रवाई के दौरान जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल समिति के अध्यक्ष रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल, सहायक आबकारी आयुक्त नवनीत तिवारी, क्षेत्रीय पर्यावरण अधिकारी बिलासपुर तथा पंचान की उपस्थिति रही। पूरी प्रक्रिया नियमानुसार और संबंधित अधिकारियों की निगरानी में संपन्न की गई।

बिलासपुर पुलिस द्वारा जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार और नशे के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जब्त मादक पदार्थों का विधिवत नष्टीकरण किए जाने से इनके दोबारा दुरुपयोग की संभावना पूरी तरह समाप्त की जा रही है।

Related Articles

Back to top button